कुरुक्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाएं: ब्रेज़ा कार चुराई गई
चोरी की घटना से स्थानीय लोग चिंतित
कुरुक्षेत्र: शहर में चोरों के हौसले दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहे हैं। ज्योति नगर के पॉश इलाके में, देर रात चोरों ने एक सफेद ब्रेज़ा कार चुरा ली। यह घटना आसपास के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है। यह चोरी राधा किशन हॉस्पिटल के पास एक रिहायशी मकान के बाहर हुई, जहां मुकेश गुलाटी ने अपनी कार रोजाना की तरह खड़ी की थी। सुबह जब परिवार के सदस्य उठे, तो कार गायब थी।
जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, तो पता चला कि चोर सुनियोजित तरीके से आए और बिना किसी डर के कार लेकर फरार हो गए।
कार के मालिक मुकेश गुलाटी ने बताया कि चोरी के दो घंटे बाद उन्हें अपने मोबाइल पर एक ओवरस्पीड चालान का मैसेज मिला, जिससे पता चला कि चोर उनकी कार को तेज रफ्तार में ले गए।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति रोष बढ़ गया है। निवासियों ने मांग की है कि रात के समय पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है।
