कुंभलगढ़ में दंपती की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप
कुंभलगढ़ में दंपती की संदिग्ध मौत
कुंभलगढ़ : राजसमंद की ताजा खबर : केलवाड़ा के निकट स्थित ग्राम पंचायत गवार के राजस्व गांव आरेट में बुधवार को एक दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि उन्होंने जहरीला पदार्थ का सेवन किया था।
कुंभलगढ़ दंपती की मौत का मामला : थानाधिकारी मनमंथसिंह ने बताया कि परावल निवासी कुलदीपसिंह (35) और उनकी पत्नी रेखाकुंवर (32) के शव किराए के मकान में पाए गए। कुलदीपसिंह पिछले पांच-छह वर्षों से कुंभलगढ़ क्षेत्र के कुंभाबाग होटल में कुक के रूप में कार्यरत थे और पिछले दो साल से पत्नी के साथ आरेट गांव में रह रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को हीरालाल देवपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केलवाड़ा भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने घटनास्थल से खाद्य सामग्री और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं। एफएसएल टीम ने आटा, दाल और भोजन के नमूने भी जांच के लिए लिए हैं। दंपती के दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा शिवराजसिंह (14) नाथद्वारा में चाचा के पास पढ़ाई कर रहा है, जबकि छोटा बेटा भव्यराजसिंह (11) सिरोही के पास परलाई में नाना के पास रह रहा है। परिजनों के अनुसार, रेखाकुंवर कुछ समय पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई थीं और उनके सिर में चोट लगने के बाद कई ऑपरेशन भी हुए थे, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बनी हुई थीं।
सुबह की खामोशी ने खोला राज
केलवाड़ा में दंपती की संदिग्ध मौत : मकान मालिक पदमसिंह ने मंगलवार रात रेखाकुंवर को उल्टियां करते देखा था, लेकिन इसे सामान्य तबीयत खराब समझकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। बुधवार सुबह जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई, तो उन्होंने नीचे जाकर देखा। कुलदीपसिंह खाट पर बेसुध पड़े थे। पड़ोसी राजूसिंह को बुलाने पर पता चला कि दोनों की मौत हो चुकी है। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
