कासगंज में चार वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म, आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

कासगंज में दुष्कर्म का मामला
उत्तर प्रदेश के एटा जिले के निकटवर्ती कासगंज में एक व्यक्ति पर चार वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। यह जानकारी रविवार को एक पुलिस अधिकारी ने दी।
पुलिस के अनुसार, कासगंज कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में शुक्रवार को लगभग 45 वर्षीय प्रदीप जोशी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। कासगंज के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश भारती ने बताया कि आरोपी नदरई से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस को इसकी सूचना मिली।
जैसे ही पुलिस ने नदरई नहर पिकनिक पॉइंट के पास प्रदीप को घेर लिया, उसने पुलिस पर गोली चला दी। एएसपी ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है। आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है।
एएसपी ने बताया कि कासगंज कोतवाली पुलिस ने पहले ही यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। एसपी अंकिता शर्मा ने इस गंभीर मामले को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया, जिसमें एसओजी और सर्विलांस यूनिट शामिल हैं।