कान्स 2026: भारतीय सिनेमा की चमक और विविधता का उत्सव
कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 का आगाज
Cannes 2026: 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल का आयोजन जल्द ही होने वाला है। भारत की सशक्त उपस्थिति इस वर्ष देखने को मिलेगी। यह प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सव 12 मई से 23 मई तक फ्रांस के कान्स में आयोजित किया जाएगा, जिसमें भारतीय सिनेमा के विभिन्न क्षेत्रीय कलाकार, फिल्म निर्माता और अभिनेता भाग लेंगे।
इस महोत्सव में बॉलीवुड की मजबूत उपस्थिति देखने को मिलेगी। ऐश्वर्या राय एक बार फिर लोरियल की वैश्विक एंबेसडर के रूप में नजर आएंगी। इसके साथ ही, अभिनेत्री आलिया भट्ट के भी शामिल होने की संभावना है।
फिल्म निर्माता करण जौहर, और अभिनेता तारा सुतारिया, मोनी रॉय और पूजा बत्रा भी इस वैश्विक कार्यक्रम में भाग लेते दिखाई देंगे।
अभिनेता-गायक एमी विर्क पहली बार अपनी फिल्म ‘चार्डीकला’ के साथ कान्स में शामिल होंगे, जो पंजाबी सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। उनकी सह-कलाकार रूपी गिल भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाबी फिल्म उद्योग की विशेष झलक देखने को मिलेगी।
फिल्म निर्माता आशुतोष गोविरकर भी इस महोत्सव का हिस्सा बनेंगे। वे भारत के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में शामिल होंगे और इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया के निदेशक के रूप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मराठी सिनेमा का प्रतिनिधित्व दिग्गज अभिनेता अशोक शराफ, निवेदिता शराफ, अभिनेत्री प्राजक्ता माली और निर्माता केदार जोशी करेंगे। ये सभी पारंपरिक मराठी परिधान में नजर आएंगे, जिससे अपनी क्षेत्रीय पहचान को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
गुजराती सिनेमा का प्रतिनिधित्व मानसी पारेख करेंगी, जो गायक और निर्माता पार्थिव गोहिल के साथ इस महोत्सव में शामिल होंगी। यह गुजराती सिनेमा के बढ़ते वैश्विक प्रभाव को दर्शाता है।
मलयालम फिल्म उद्योग से फिल्म निर्माता चिदंबरम अपनी फिल्म बालन: द बॉयज को कान्स मार्केट में पेश करेंगे, जो हाल के समय में मलयालम सिनेमा को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान के बाद एक और बड़ा कदम है।
