कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार पर छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का आरोप लगाया
कांग्रेस अध्यक्ष का गंभीर आरोप
कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को सरकार पर विद्यार्थियों के खिलाफ प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा लेना चाहिए। खरगे ने 20 जुलाई को दिल्ली में छात्रों पर किए गए बल प्रयोग का जिक्र करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा कि 10 दिन पहले सरकार ने युवाओं का ‘लाठी-डंडों और पैलेट गन से दमन’ किया था। उनका दावा है कि जब छात्रों ने अपना आंदोलन समाप्त किया, तब उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और उन्हें जबरन हिरासत में लिया जा रहा है।
खरगे ने कहा, ‘युवाओं ने आंदोलन इस शर्त पर वापस लिया था कि उन पर कोई कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन अब सरकार अपनी बात से पलट गई है।’ उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं के सोशल मीडिया अकाउंट बंद कराए जा रहे हैं और लड़कियों की निजी जानकारी सार्वजनिक की जा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह संसद में नहीं आ सके और जवाबदेही से बचते रहे। उन्होंने कहा, ‘अब छवि बचाने के उपाय काम नहीं करेंगे, युवा सच जान चुका है।’
खरगे ने प्रधानमंत्री से अपील की, ‘अगर थोड़ी सी भी शर्म बची है, तो अमित शाह का इस्तीफा लीजिए।’
