कर्नाटक में पत्नी ने पति की हत्या की साजिश रची, पुलिस ने किया खुलासा
कर्नाटक में हत्या की साजिश का मामला
कर्नाटक पुलिस (फाइल फोटो)
मैसूर में एक पति-पत्नी पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने अचानक हमला कर दिया। वे अपनी बाइक पर यात्रा कर रहे थे, तभी कार में सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मारी और फिर उन पर हमला किया। इस घटना में पति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने जब मामले की जांच की, तो पता चला कि इस पूरी घटना की योजना मृतक की पत्नी ने बनाई थी।
25 अक्टूबर को राजेंद्र अपनी पत्नी संगीता के साथ नंजनगुड के हुंडुविनाहल्ली लेआउट के पास बाइक चला रहे थे, तभी एक सफेद कार में सवार बदमाशों ने उनकी बाइक रोक दी। कार में से एक व्यक्ति ने पहले स्कूटर को टक्कर मारी, जिससे राजेंद्र और संगीता गिर पड़े। इसी दौरान, कार से उतरे एक अन्य व्यक्ति ने राजेंद्र से झगड़ा किया। आरोपियों ने संगीता के गले से चेन छीनने की भी कोशिश की।
पति की मौत के बाद खुलासा
एक आरोपी ने राजेंद्र पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। तभी एक अन्य वाहन के मौके पर आने से आरोपी भाग गए। गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को मैसूर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी मृत्यु हो गई। नंजनगुड पुलिस ने मामले की जांच के दौरान एक चौंकाने वाला तथ्य उजागर किया।
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा
जांच में यह सामने आया कि यह घटना लूट की कोशिश नहीं थी, बल्कि राजेंद्र की हत्या के लिए उसकी पत्नी संगीता ने साजिश रची थी। संगीता ने अपने भाई संजय के माध्यम से अपने पति पर हमला करवाया था, जिसमें संजय का दोस्त विग्नेश और एक अन्य लड़का शामिल था। आरोपियों ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार किराए पर ली थी। संगीता ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए नाटक किया और अपने पति की हत्या करवा दी। अब पुलिस ने इस मामले में संगीता, संजय, विग्नेश और एक अन्य लड़के को गिरफ्तार कर लिया है।
