कनाडा में खौफनाक ‘डेथ मार्केट’ का खुलासा, 100 मौतों से जुड़ा मामला
खौफनाक ‘डेथ मार्केट’ का पर्दाफाश
इंटरनेट की दुनिया में एक भयानक ‘डेथ मार्केट’ का खुलासा हुआ है, जिसने वैश्विक स्तर पर हड़कंप मचा दिया है। कनाडा के 60 वर्षीय पूर्व शेफ केनेथ लॉ ने ऑनलाइन प्लेटफार्मों के माध्यम से 40 से अधिक देशों में आत्महत्या के सामान (सुसाइड पैकेट) की आपूर्ति की। शुक्रवार को ओंटारियो की न्यूमार्केट कोर्ट में इस मामले की सुनवाई के दौरान, आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया। उस पर आरोप है कि उसने मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को निशाना बनाकर 100 से अधिक मौतों का कारण बना।
‘हॉट सॉस’ के नाम पर मौत का कारोबार
अदालती दस्तावेजों से पता चला है कि टोरंटो के एक होटल में कुक रह चुके केनेथ लॉ ने इस नेटवर्क को बेहद चालाकी से संचालित किया। पुलिस और जांच एजेंसियों से बचने के लिए उसने चार फर्जी कंपनियां और कई वेबसाइटें बनाई थीं। इन साइटों पर वह जहर के साथ-साथ ‘हॉट सॉस’ और अन्य खाद्य सामग्री भी बेचता था, ताकि यह दिख सके कि यह एक सामान्य खाद्य आपूर्ति व्यवसाय है।
1200 से अधिक पैकेटों की डिलीवरी और करोड़ों की कमाई
अंतरराष्ट्रीय जांच में यह सामने आया है कि केनेथ ने कानून के शिकंजे में आने से पहले 41 देशों में 1209 घातक पैकेट भेजे थे। इस खतरनाक कारोबार से उसने लगभग 2,96,981 कनाडाई डॉलर (लगभग 1.8 करोड़ रुपये) की अवैध कमाई की, जो उसके शॉपिफाई और पेपाल खातों में जमा थी।
कोर्ट में भावुक पल
सुनवाई के दौरान कोर्ट में भारी भीड़ थी। सरकारी वकीलों और आरोपी के बीच हुए एक समझौते के तहत, केनेथ पर से सीधे हत्या के 14 आरोप हटा दिए गए। इसके बदले उसने आत्महत्या के लिए उकसाने और सहायता करने के 14 मामलों में अपना जुर्म स्वीकार किया। जब न्यायाधीश मिशेल फुर्स्ट के सामने उन 14 कनाडाई पीड़ितों के नाम पढ़े गए, जिनकी उम्र 16 से 36 वर्ष के बीच थी, तो कोर्ट में मौजूद उनके परिवारों के आंसू छलक पड़े। इस मामले में केनेथ लॉ को सितंबर में सजा सुनाई जाएगी।
