ओडिशा सरकार ने भुवनेश्वर-कटक-पुरी-पारादीप आर्थिक क्षेत्र के विकास को दी मंजूरी

ओडिशा सरकार ने भुवनेश्वर-कटक-पुरी-पारादीप सिटी इकोनॉमिक रीजन के विकास के लिए 5,000 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। इस परियोजना का उद्देश्य इन चार शहरों को एकीकृत आर्थिक क्षेत्र के रूप में विकसित करना है। एशियाई विकास बैंक से 3,500 करोड़ रुपये का ऋण प्राप्त होगा, जबकि शेष राशि केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। यह योजना निवेश, उद्योग, पर्यटन और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।
 | 
gyanhigyan

भुवनेश्वर-कटक-पुरी-पारादीप आर्थिक क्षेत्र का विकास

भुवनेश्वर, तीन अगस्त: ओडिशा सरकार ने सोमवार को ‘भुवनेश्वर-कटक-पुरी-पारादीप सिटी इकोनॉमिक रीजन’ (बीकेपीपीईआर) के विकास के लिए परियोजना प्रस्ताव रिपोर्ट (पीपीआर) को स्वीकृति प्रदान की। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय परियोजना निगरानी समिति (एसएलपीएमसी) ने इस रिपोर्ट को मंजूरी दी और इसे बाहरी सहायता प्राप्त परियोजना (ईएपी) के तहत आगे बढ़ाने की सिफारिश की।


बयान के अनुसार, यह आर्थिक क्षेत्र केंद्र सरकार की सिटी ‘इकोनॉमिक रीजन’ (सीईआर) योजना के पहले चरण में देश के चार पायलट आर्थिक क्षेत्रों में से एक है।


इस परियोजना के लिए 5,000 करोड़ रुपये की प्रारंभिक सहायता का प्रस्ताव रखा गया है। कुल बजट में से 70 प्रतिशत, यानी 3,500 करोड़ रुपये एशियाई विकास बैंक (एडीबी) से ऋण के रूप में प्राप्त किए जाएंगे, जबकि शेष 30 प्रतिशत, यानी 1,500 करोड़ रुपये केंद्र सरकार की ‘सिटी इकोनॉमिक रीजन’ (सीईआर) योजना के तहत उपलब्ध कराए जाएंगे।


इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य भुवनेश्वर, कटक, पुरी और पारादीप को एकीकृत आर्थिक क्षेत्र के रूप में विकसित करना है।


इस योजना के तहत निवेश, उद्योग, पर्यटन, लॉजिस्टिक्स, बंदरगाह आधारित परियोजनाओं और रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जाएगा।