ओडिशा में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाएं तैयार

रथ यात्रा के लिए तैयारियां पूरी
ओडिशा सरकार ने भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, और शुक्रवार को लाखों श्रद्धालु पुरी पहुंच चुके हैं। अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार की शाम तक लगभग एक लाख लोग पुरी पहुंच चुके थे, और शुक्रवार की सुबह यह संख्या कई गुना बढ़ गई।
देश और विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के इस रथ यात्रा में शामिल होने की संभावना है।
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के प्रमुख प्रशासक अरबिंद पाधी ने कहा, 'महाप्रभु (भगवान जगन्नाथ) की कृपा से हम रथ यात्रा के सफल संचालन के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सेवादारों से हमें पूरा समर्थन मिल रहा है, और इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं।'
पुरी में लगभग 10,000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की आठ टुकड़ियां भी शामिल हैं।
ओडिशा के पुलिस महानिदेशक वाई बी खुरानिया ने बताया कि पहली बार पूरे महोत्सव पर नजर रखने के लिए पुरी में एक एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र स्थापित किया गया है।
निगरानी के लिए पुरी और 35 किलोमीटर दूर कोणार्क के सूर्य मंदिर की सड़कों पर 275 से अधिक कृत्रिम मेधा (एआई) से लैस सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के स्नाइपर्स मंदिर के सामने ग्रैंड रोड पर छतों पर तैनात रहेंगे।