एयर इंडिया उड़ान हादसे की जांच रिपोर्ट अक्टूबर में पेश होगी
उच्चतम न्यायालय में पेश होगी जांच रिपोर्ट
नई दिल्ली, 28 जुलाई: सरकार ने मंगलवार को उच्चतम न्यायालय को सूचित किया कि जून 2025 में अहमदाबाद में हुई एयर इंडिया उड़ान दुर्घटना की जांच करने वाले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की अंतिम मसौदा रिपोर्ट अक्टूबर के पहले सप्ताह में सीलबंद लिफाफे में अदालत के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता की उन दलीलों पर ध्यान दिया कि 'फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स' एएआईबी को अपने सुझाव दे सकता है, जिन पर एएआईबी जांच के दौरान आवश्यक समझे जाने पर विचार कर सकता है। सॉलिसिटर जनरल ने संक्षिप्त सुनवाई के दौरान पीठ को बताया कि याचिकाकर्ताओं में से एक द्वारा दायर आवेदन में किए गए अनुरोध पर चार 'सिमुलेशन' परीक्षण किए जा चुके हैं।
विधि अधिकारी ने कहा कि अंतिम मसौदा रिपोर्ट पीठ के समक्ष सीलबंद लिफाफे में प्रस्तुत की जाएगी। अदालत एक एनजीओ, एक विधि छात्र और मृत पायलट के पिता द्वारा दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी। इन याचिकाओं में दुर्घटना की स्वतंत्र और अदालत की निगरानी में जांच कराने का अनुरोध किया गया है।
पीठ ने इन याचिकाओं पर अगली सुनवाई के लिए 13 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की है। एएआईबी ने हाल ही में उच्चतम न्यायालय को सूचित किया था कि अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना की जांच की अंतिम मसौदा रिपोर्ट इस वर्ष अक्टूबर तक तैयार होने की संभावना है। 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रही एआई-171 (बोइंग 787-8) उड़ान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 260 लोगों की जान गई थी।
