उमर अब्दुल्ला ने अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं की बस दुर्घटना पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री का निर्देश
श्रीनगर, 28 जुलाई: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को गांदरबल जिले में अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं को ले जा रही एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को उच्चतम स्तर की चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को गांदरबल जिले के कंगन क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बस सड़क से फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे कम से कम 39 श्रद्धालु घायल हुए। बताया गया कि चालक ने मोड़ पर नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण बस हरिगनवान में एक खाली मकान पर गिर गई।
इस हादसे में मकान को काफी नुकसान हुआ, लेकिन इससे बस सिंध नदी में गिरने से बच गई। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'मुख्यमंत्री ने कंगन के गुंद में हुए सड़क हादसे पर गहरी चिंता व्यक्त की है। इस दुर्घटना में अमरनाथ यात्रा पूरी कर लौट रहे कई श्रद्धालु घायल हुए हैं।' मुख्यमंत्री ने घायलों को हरसंभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा, उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू को शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसकेआईएमएस) जाकर घायलों के इलाज की निगरानी करने के लिए भेजा है।
