उदयपुर में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री का दौरा: योजनाओं की समीक्षा
केंद्रीय मंत्री का उदयपुर प्रवास
जयपुर। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के राज्यमंत्री दुर्गादास उइके शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर उदयपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने माणिक्यलाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं अनुसंधान परिषद (टीआरआई) सभागार में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय कल्याण के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
उइके ने धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान, पीएम जनमन और अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के कार्यान्वयन की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि योजनाओं का लाभ सभी पात्र परिवारों तक समय पर पहुंचे।
बैठक में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, समाजसेवी पुष्कर तेली और अन्य जनप्रतिनिधि तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री और अन्य अतिथियों ने बैठक की शुरुआत धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की तस्वीर के सामने दीप प्रज्ज्वलित करके की।
संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनजाति उत्थान योजनाओं, टीएडी विभाग के नवाचारों और विभिन्न कार्यक्रमों की उपलब्धियों की जानकारी दी।
उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय समाज के विकास के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि सरकार की हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें, जिससे जनजातीय परिवारों के जीवन स्तर में वास्तविक और स्थायी बदलाव आए।
जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के कार्यान्वयन में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने का अनुरोध किया।
बैठक में सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने आईआईटी जोधपुर का कैंपस उदयपुर में खोलने और कौशल विकास के तहत जनजातियों के पलायन को रोकने के मुद्दे उठाए।
राजस्थान में जनजाति बच्चों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना को लेकर टीआरआई और भारत संचार निगम लिमिटेड के बीच समझौता हुआ। बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री की उपस्थिति में समझौता पत्रों पर हस्ताक्षर किए गए।
केंद्रीय राज्यमंत्री उइके ने जनजाति आश्रम छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों में संचालित नवादि संदर्भ कौशल कार्यक्रम की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका 'हम हैं बदलाव' का विमोचन किया।
उइके ने टीआरआई परिसर में बनफूल स्टूडियो का अवलोकन किया और जनजातीय कलाकारों से संवाद किया। उन्होंने कलाकारों को उत्साहित करते हुए जनजातीय संस्कृति और लोककला के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
केंद्रीय मंत्री ने ओलंपिक खेल लैक्रोज की राष्ट्रीय टीम में शामिल राजस्थान के खिलाड़ियों से भी मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया।
