उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते हाई अलर्ट जारी, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री का हाई अलर्ट आदेश
देहरादून, 5 अगस्त: उत्तराखंड में लगातार हो रही वर्षा और मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी राज्य एजेंसियों को संभावित आपदा से निपटने के लिए 'हाई अलर्ट' पर रहने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन से विभिन्न जिलों की स्थिति की जानकारी ली और कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य आपदा प्रतिवादन बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशामक, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ उच्च सतर्कता बनाए रखनी चाहिए। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जाना चाहिए।
धामी ने जिलाधिकारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने का निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी की जाए, नदी-नालों के जलस्तर पर ध्यान रखा जाए और आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मौसम विभाग की चेतावनी
सचिव सुमन ने बताया कि मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' और अन्य जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर तीव्र वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना भी जताई गई है। ऐसे में सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सचिव ने प्रदेशवासियों और राज्य में आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें, सावधान रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और मार्ग की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
इस बीच, भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए चमोली और बागेश्वर जिलों में कक्षा 12 तक के स्कूलों में बृहस्पतिवार को अवकाश घोषित किया गया है।
