उत्तर प्रदेश में पेड़ से गिरते पैसे ने मचाई हलचल
पैसों की बारिश का अनोखा मामला
क्या आपने कभी सोचा है कि अगर सच में पैसे बरसने लगें तो कैसा होगा? यह सुनने में अजीब लगता है, लेकिन उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के शाहाबाद कस्बे में ऐसा ही एक अनोखा वाकया हुआ। शनिवार को स्थानीय लोगों ने देखा कि एक पेड़ से 100, 200 और 500 रुपये के नोट गिर रहे हैं। यह दृश्य देखकर लोग हैरान रह गए और पैसे बटोरने के लिए दौड़ पड़े।
लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं था, लेकिन थोड़ी देर बाद जब उन्हें पता चला कि ये पैसे वास्तव में एक पुलिसकर्मी के थे, तो वे वहां से चुपचाप चले गए। दरअसल, पुलिसकर्मी अपनी डॉयल 112 गाड़ी में पर्स रखकर खाना खाने गया था और उसने अपनी गाड़ी का दरवाजा बंद करना भूल गया। इसी बीच एक बंदर आया और उसका पर्स लेकर पेड़ पर चढ़ गया।
बंदर ने पर्स खोल दिया और नोट गिरने लगे, जिससे ऐसा लगा जैसे पेड़ से पैसे बरस रहे हों। इस घटना ने सोशल मीडिया पर भी हलचल मचा दी है, जहां कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि लॉकडाउन के कारण बंदरों को भी पैसे चुराने की जरूरत पड़ गई है।
