उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के लिए विशेष व्यवस्थाएं
कांवड़ यात्रा के लिए तैयारियां
लखनऊ, चार अगस्त: उत्तर प्रदेश सरकार ने इस साल भी कांवड़ यात्रा को भव्य, सुरक्षित और आध्यात्मिक गरिमा के अनुरूप सफल बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी साझा की गई।
बयान के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के मुख्य मार्गों पर श्रद्धालु कांवड़ियों का हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर स्वागत 9 और 10 अगस्त को किया जाएगा।
राज्य सरकार द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि हेलीकॉप्टर 9 अगस्त को सुबह लगभग 8 बजे लखनऊ से बागपत के लिए उड़ान भरेगा। बागपत में, पूर्वाह्न 10:30 से 11:15 बजे तक कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके बाद, सहारनपुर में 11:45 बजे से 12:45 बजे तक श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद मुजफ्फरनगर और मेरठ में भी हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी। 10 अगस्त को गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर में भी इसी तरह का स्वागत किया जाएगा।
