उत्तर प्रदेश में 27 IPS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों में नए कप्तान नियुक्त
उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव किया है। गृह विभाग द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार, प्रदेश में 27 IPS अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस बदलाव में कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को बदला गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को मुख्यालय और PAC में स्थानांतरित किया गया है। एटा, फिरोजाबाद, शाहजहांपुर, मऊ और जालौन जैसे प्रमुख जिलों के पुलिस अधीक्षकों को इस फेरबदल में शामिल किया गया है। सूची में प्रशिक्षु IPS से लेकर IG स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
नए कप्तानों की नियुक्ति
महानिरीक्षक प्रशिक्षण के पद पर कार्यरत चंद्र प्रकाश को अब आईजी सुरक्षा के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, शाहजहांपुर, एटा, महोबा, रामपुर, कौशांबी, चंदौली, अमरोहा, मऊ, जालौन, बहराइच, फिरोजाबाद, महराजगंज और हमीरपुर के एसपी-एसएसपी का भी तबादला किया गया है। तबादला सूची के अनुसार, इलामारन जी. को मऊ से हटाकर एटा का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बनाया गया है। वहीं, राजेश द्विवेदी को शाहजहांपुर से सेनानायक 38वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ भेजा गया है। सौरभ दीक्षित को फिरोजाबाद से हटाकर शाहजहांपुर की कमान सौंपी गई है। आदित्य लांग्हे को चंदौली से फिरोजाबाद और अमित कुमार आनंद को अमरोहा से लखनऊ कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात किया गया है।
लखनऊ कमिश्नरेट में बदलाव
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। अमित कुमार आनंद, डॉ. दीक्षा शर्मा और विश्वजीत श्रीवास्तव को लखनऊ में पुलिस उपायुक्त (DCP) नियुक्त किया गया है। वहीं, लखनऊ में तैनात निपुण अग्रवाल को अब सेनानायक 09वीं वाहिनी पीएसी, मुरादाबाद की जिम्मेदारी दी गई है।
पीएसी और मुख्यालय में तैनातियां
फील्ड में तैनात कई पुलिस अधीक्षकों को पीएसी (PAC) वाहिनी और पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। विद्यासागर मिश्र को रामपुर से हटाकर 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर का सेनानायक बनाया गया है। राजेश कुमार को कौशाम्बी से 44वीं वाहिनी पीएसी मेरठ भेजा गया है। प्रबल प्रताप सिंह को महोबा से पुलिस अधीक्षक अपराध, मुख्यालय महानिदेशक लखनऊ के पद पर ट्रांसफर किया गया है।


