उत्तम कुमार की शताब्दी पर पश्चिम बंगाल सरकार ने बनाई सलाहकार समिति
उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी समारोह की तैयारी
कोलकाता, सात अगस्त: पश्चिम बंगाल सरकार ने बांग्ला सिनेमा के महानायक उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में एक वर्षभर चलने वाले समारोहों के आयोजन के लिए एक उच्चस्तरीय सलाहकार समिति का गठन किया है। इस समिति के मुख्य संरक्षक मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी होंगे, जैसा कि एक आधिकारिक अधिसूचना में बताया गया है।
इस समिति में दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों की राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती को सह-संरक्षक के रूप में शामिल किया गया है। फिल्म निर्माता संदीप रे को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी को कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। राज्य के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को जानकारी दी कि सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सचिव सौमित्र मोहन समिति के सदस्य-सचिव के रूप में कार्य करेंगे और समारोहों की योजना और क्रियान्वयन का समन्वय करेंगे।
अधिसूचना के अनुसार, समिति में बांग्ला फिल्म उद्योग के कई प्रमुख चेहरे शामिल हैं, जैसे अभिनेता जीत, देव, अबीर चटर्जी, जीशु सेनगुप्ता, ऋतुपर्णा सेनगुप्ता, रुद्रनील घोष, रूपा गांगुली और गौरव चटर्जी। इसके अलावा, प्रमुख फिल्मकार श्रीजीत मुखर्जी और कौशिक गांगुली भी समिति का हिस्सा हैं।
राज्य सरकार उत्तम कुमार के जीवन और उनके योगदान को याद करने के लिए अगले एक वर्ष में कई कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रही है। इनमें फिल्म महोत्सव, उत्तम कुमार की फिल्मों का विशेष प्रदर्शन, संगोष्ठियां, प्रदर्शनियां, स्मारक ग्रंथों का प्रकाशन और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल होंगी।
