इटली में 'मिसेज डाउटफायर स्कैंडल': बेटे ने मां की पेंशन के लिए अपनाया धोखाधड़ी का तरीका
इटली में अनोखा धोखाधड़ी मामला
रोम: इटली में एक 56 वर्षीय व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगे हैं। उस पर आरोप है कि उसने अपनी मृत मां की पेंशन को वर्षों तक हड़प लिया। इसके लिए उसने अपनी मां की शक्ल में ढलने का प्रयास किया। इस धोखाधड़ी को इटली के अधिकारियों ने 'मिसेज डाउटफायर स्कैंडल' का नाम दिया है।
यह नाम एक प्रसिद्ध कॉमेडी फिल्म से लिया गया है, जिसमें रॉबिन विलियम्स ने एक बुजुर्ग नानी का किरदार निभाया था। फिल्म में वह अपने बच्चों के पास रहने के लिए एक महिला का भेष धारण करता है। अब इस फिल्म का नाम उन मामलों में लिया जाने लगा है जहां लोग भेष बदलते हैं।
रिपोर्टों के अनुसार, यह बेरोजगार व्यक्ति अपनी मृत मां के नाम पर मिलने वाली पेंशन के लिए लगभग तीन वर्षों तक उनकी पहचान बनाए रखा। वह न केवल उनकी तरह कपड़े पहनता था, बल्कि उनकी आवाज और चलने के तरीके की नकल भी करता था, ताकि किसी को शक न हो।
मां की मौत की अनदेखी
इटली के एक समाचार पत्र के अनुसार, आरोपी ने अपनी 82 वर्षीय मां ग्राजिएला डाल’ओग्लियो की मृत्यु की सूचना कभी नहीं दी। उनकी मृत्यु प्राकृतिक कारणों से हुई थी। बेटे ने मां के शव को एक स्लीपिंग बैग में भरकर लॉन्ड्री रूम में छिपा दिया। समय के साथ शव खराब हो गया। इस दौरान, उसने मेकअप और कपड़े पहनकर सरकारी अधिकारियों को धोखा देने का प्रयास किया और मां के पहचान पत्र को भी अपडेट करवा लिया।
इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब एक सरकारी कर्मचारी ने पहचान पत्र नवीनीकरण के दौरान कुछ असामान्य पाया। कर्मचारी ने महिला के चेहरे के पुरुष जैसे फीचर्स पर ध्यान दिया। शक होने पर अधिकारियों ने पुराने रिकॉर्ड से तुलना की और मामले का खुलासा हो गया। इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली और मां का शव बरामद किया।
