आजमगढ़ में विधायक रमाकांत यादव की 23 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क

समाजवादी पार्टी के विधायक की संपत्ति पर कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में जिला प्रशासन ने समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक और पूर्व सांसद रमाकांत यादव और उनके परिवार की 23 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को गिरोहबंद अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत कुर्क कर दिया है। यह जानकारी अधिकारियों ने शुक्रवार को दी।
रमाकांत यादव पर आरोप है कि उन्होंने अपराध के माध्यम से अपने और अपने परिवार के नाम पर यह संपत्ति अर्जित की। अधिकारियों के अनुसार, आजमगढ़ में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देश पर पुलिस और प्रशासन ने कुर्की की यह बड़ी कार्रवाई की।
जिला प्रशासन ने अवैध तरीके से अर्जित 23 करोड़ 42 लाख 81 हजार 400 रुपये की संपत्ति को कुर्क किया है। यादव एक जहरीली शराब कांड में आरोपी हैं और वर्तमान में फतेहगढ़ जेल में बंद हैं।
फरवरी 2022 में आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य गंभीर रूप से बीमार हुए थे। इस मामले में रमाकांत यादव को गिरफ्तार किया गया था और वह अब फतेहगढ़ जेल में हैं। प्रशासन ने विधायक यादव की संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा भी प्रस्तुत किया है।