आगरा में पति-पत्नी और गर्लफ्रेंड के बीच सड़क पर हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा
आगरा में अनोखा विवाद
आगरा में पति-पत्नी और गर्लफ्रेंड का ड्रामा: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पति, पत्नी और उसकी कथित गर्लफ्रेंड के बीच सड़क पर जोरदार झगड़ा हुआ। यह विवाद ताजगंज थाना क्षेत्र के एक होटल से शुरू हुआ और देखते ही देखते यह सड़क पर खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें दो महिलाएं एक-दूसरे पर लात-घूंसे और चप्पलें चलाती नजर आईं। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना ताजगंज क्षेत्र में टीडीआई मॉल के पीछे स्थित एक होटल में हुई। यहां एक विवाहित युवक अपनी कथित गर्लफ्रेंड के साथ मौजूद था। इसी बीच, उसकी पत्नी को इस बात की जानकारी मिली और वह तुरंत होटल पहुंच गई। पति को दूसरी महिला के साथ देखकर उसकी पत्नी का गुस्सा भड़क गया।
होटल के अंदर दोनों महिलाओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। स्थिति को बिगड़ता देख युवक ने किसी तरह बीच-बचाव किया और अपनी गर्लफ्रेंड को होटल से बाहर निकालने की कोशिश की।
सड़क पर चप्पलमार जंग और बाल खींचना
जैसे ही गर्लफ्रेंड होटल से बाहर निकली और अपनी स्कूटी पर बैठने लगी, पत्नी ने उसे पकड़ लिया और सड़क पर ही चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान सड़क पर हंगामा मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गर्लफ्रेंड ने भी खुद का बचाव करते हुए पत्नी पर पलटवार किया। उसने पत्नी के बाल पकड़कर उसे सड़क पर गिरा दिया और कुछ दूर तक घसीटा। इस झगड़े में पत्नी के कपड़े भी फट गए। गुस्से में पत्नी ने अपने पति को भी चप्पल से पीटा और गर्लफ्रेंड पर लात-घूंसे बरसाए।
गर्लफ्रेंड ने ईंट उठाई, लोगों ने किया बीच-बचाव
हंगामा तब और बढ़ गया जब गर्लफ्रेंड ने सड़क से एक ईंट उठाई और पत्नी पर हमला करने के लिए आगे बढ़ी। लेकिन पति ने बीच में आकर उसे रोका। इस झगड़े को देखने के लिए वहां राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। अंततः कुछ स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाई और दोनों महिलाओं को अलग किया, जिसके बाद गर्लफ्रेंड वहां से भाग गई।
वीडियो वायरल, पुलिस कर रही है जांच
इस पूरे घटनाक्रम को किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है। ताजगंज थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिरोही ने बताया कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
