आगरा में दुल्हन ने सुहागरात पर 90 लाख रुपये की मांग की, फिर किया खतरनाक हमला
दुल्हन की अजीब मांग
आगरा में एक दुल्हन ने अपनी शादी की पहली रात को पति से 90 लाख रुपये की मांग की। पैसे न मिलने पर उसने संबंध बनाने से मना कर दिया और अपने परिवार के साथ मिलकर ससुराल की गैस पाइपलाइन तोड़ने की कोशिश की। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दुल्हन और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
यह मामला सिकंदरा क्षेत्र की एक महिला डॉक्टर के भाई से संबंधित है। डॉक्टर के अनुसार, उनके भाई का विवाह हाथरस की एक युवती से हुआ था। विदाई के बाद जब दुल्हन ससुराल पहुंची, तो उसने पति को चौंका दिया। दुल्हन ने स्पष्ट कहा कि उसे यह शादी पसंद नहीं है और वह केवल पैसों के लिए आई है। उसने शर्त रखी कि यदि उसे 90 लाख रुपये नकद दिए जाएंगे, तभी वह वैवाहिक जीवन आगे बढ़ाएगी। उसने कहा, 'मुझे सुहागरात पर 90 लाख चाहिए। तभी संबंध बनाऊंगी।' यह सुनते ही दूल्हे के पसीने छूट गए।
गैस पाइपलाइन तोड़कर हत्या का प्रयास
जब पति और ससुराल वालों ने इतनी बड़ी रकम देने से असमर्थता जताई, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दुल्हन ने हंगामा कर अपने मायके वालों को बुला लिया। दुल्हन के परिजनों ने दबंगों के साथ पहुंचकर घर के बाहर ताला लगा दिया और पूरे परिवार को बंधक बना लिया। क्रूरता की हद तब पार हो गई जब आरोपियों ने घर में लगी पीएनजी (PNG) गैस पाइपलाइन को तोड़ दिया। उनका मकसद गैस रिसाव के जरिए पूरे घर में आग लगाकर ससुराल वालों को जिंदा जलाना था।
गहने समेटकर हुई फरार
पीड़ित परिवार ने किसी तरह शोर मचाकर पड़ोसियों की मदद से अपनी जान बचाई। आरोप है कि इस अफरा-तफरी के बीच दुल्हन सास के कीमती जेवर और अन्य सामान समेटकर मायके वालों के साथ रफूचक्कर हो गई।
कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जगदीशपुरा पुलिस ने शुरुआत में उनकी शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया। अंततः पीड़ित डॉक्टर ने अदालत की शरण ली। कोर्ट के कड़े आदेश के बाद अब पुलिस ने दुल्हन, उसके पिता और अन्य सहयोगियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, पुलिस इस मामले को दहेज एक्ट की 'पेशबंदी' (जवाबी कार्रवाई) के नजरिए से भी देख रही है
