असम में JMB के 11 आतंकियों की गिरफ्तारी, जिहाद की साजिश नाकाम
असम STF ने किया बड़ा ऑपरेशन
असम STF ने दबोचे JMB के 11 आतंकी
असम में आतंकवादी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB) के 11 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। ये गिरफ्तारियां असम के चार जिलों, बरपेटा, बक्सा, चिरांग और दरंग से की गईं। रिपोर्ट्स के अनुसार, ये आतंकवादी एक डिजिटल प्लेटफॉर्म, पूर्व आकाश (Purba Akash), का उपयोग कर रहे थे।
इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से नए सदस्यों की भर्ती की जाती थी और उन्हें हथियार चलाने की ट्रेनिंग भी दी जाती थी। असम STF की टीम ने ऑपरेशन प्रघात के तहत इन आतंकियों को पकड़ने का अभियान चलाया।
इन आतंकियों का उद्देश्य असम में एक बड़ा जिहादी नेटवर्क स्थापित करना और हिंसक गतिविधियों को अंजाम देना था। खुफिया जानकारी के आधार पर असम STF ने यह कार्रवाई की।
गिरफ्तारी की विस्तृत जानकारी
गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर पार्थसारथी महंत ने मीडिया से बातचीत में बताया कि ये गिरफ्तारियां केंद्रीय एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर की गईं। इनमें से 10 आतंकियों को असम से और एक को त्रिपुरा से पकड़ा गया। उनका मुख्य उद्देश्य असम और पूर्वोत्तर के अन्य क्षेत्रों में अस्थिरता फैलाना था। वे इस क्षेत्र में मुस्लिम वर्चस्व स्थापित करने की योजना बना रहे थे।
