अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की रकम गायब होने का आरोप
अखिलेश यादव का गंभीर आरोप
अयोध्या राम मंदिर: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या के प्रसिद्ध राम मंदिर में चढ़ावे की करोड़ों रुपये की राशि के गायब होने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले को वैश्विक सनातनी समाज की आस्था से जोड़ा और ‘X’ पर पोस्ट करते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और योगी सरकार पर सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा, “यह भगवान राम के उपासकों के लिए एक संवेदनशील मुद्दा है। करोड़ों रुपये का गायब होना ट्रस्ट के लिए शर्मनाक है। मैंने कोर्ट से स्वतः संज्ञान लेने की मांग की है।” उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले का सीधा संबंध समस्त सनातनी समाज की प्रभु राम में गहरी आस्था से है और सरकार की चुप्पी संदिग्ध है। इस पर राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है.
राम मंदिर ट्रस्ट की प्रतिक्रिया
‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट’ के सदस्य दिनेंद्र दास ने कहा कि उन्हें भगवान राम और ट्रस्ट के सभी सदस्यों पर पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने गलत काम किया है, तो भगवान राम स्वयं उसे दंड देंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी को संदेह है, तो जांच कराने में कोई आपत्ति नहीं है। दिनेंद्र दास ने कहा कि उनके अनुसार ट्रस्ट में कोई गलती नहीं हुई है, लेकिन यदि जांच कराई जाती है, तो उसका स्वागत है.
Khabar Monkey
पूर्व विधायक पवन पांडे ने आरोपों को और बढ़ाते हुए कहा कि चोरी की रकम करोड़ों रुपये तक हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि चोरी नहीं हुई है, तो ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को सामने आकर प्रभु श्रीराम की कसम खाकर यह बताना चाहिए कि सब कुछ झूठ है। यदि मामला सच है, तो FIR दर्ज कराई जानी चाहिए. यह स्पष्ट नहीं है कि यह चोरी कब से हो रही थी और ट्रस्ट के किन सदस्यों तक यह पैसा गया, इसकी भी जांच होनी चाहिए.
सभी जांचें SBI और आंतरिक ऑडिट के तहत होती हैं
पूर्व विधायक पवन पांडे के आरोपों का जवाब देते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि, “सभी को जानकारी के लिए… श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का समय-समय पर आंतरिक ऑडिट होता है। इस कार्य में ट्रस्ट और भारतीय स्टेट बैंक के प्रतिनिधि शामिल होते हैं। ऑडिट कार्य कई दिनों तक चलता है और वर्तमान में भी यह कार्य चल रहा है। अभी तक कोई उल्लेखनीय बात सामने नहीं आई है.”
चढ़ावे की रकम का प्रबंधन कैसे होता है?
यह जानना महत्वपूर्ण है कि राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती बैंक कर्मचारियों की उपस्थिति में ट्रस्ट के सदस्यों द्वारा की जाती है। यह प्रक्रिया CCTV निगरानी में होती है। चढ़ावे की राशि को रजिस्टर में दर्ज कर मंदिर परिसर के लॉकर में रखा जाता है और अगले दिन इसे भारतीय स्टेट बैंक अयोध्या धाम ब्रांच के मुख्य खाते में जमा किया जाता है। चढ़ावे की राशि का ऑडिट टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज की निगरानी में किया जाता है और इसकी जानकारी ट्रस्ट की बैठक में साझा की जाती है. आखिरी बार दिसंबर 2025 में चढ़ावे की जानकारी बैठक में साझा की गई थी.
