वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जानकारी दी है कि उत्तर-पश्चिम नाइजीरिया में इस्लामिक स्टेट (ISIS) के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य हमले किए गए हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने सेना को इस कार्रवाई के लिए आदेश दिया, जिसके परिणामस्वरूप यह स्ट्राइक हुई। उन्होंने कहा कि ISIS नाइजीरिया में ईसाइयों को निशाना बना रहा है, इसलिए मैंने अपने सैनिकों को इस गुट के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। यदि ईसाइयों पर हमले जारी रहे, तो आगे भी ऐसे हमले किए जाएंगे।
गुरुवार रात, ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में नाइजीरिया में ISIS के ठिकानों पर हमले की पुष्टि की। हालांकि, उन्होंने इस हमले के तरीके और इसके परिणामों के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की। वाइट हाउस ने भी इस संबंध में कोई विवरण नहीं दिया है।
ट्रंप ने कहा, ‘आज रात, कमांडर इन चीफ के रूप में, मैंने नॉर्थवेस्ट नाइजीरिया में ISIS के आतंकियों के खिलाफ एक बड़ा हमला किया। ये आतंकवादी निर्दोष ईसाइयों को बेरहमी से मार रहे थे, जो पहले कभी नहीं देखा गया।’
उन्होंने आगे लिखा, ‘मैंने पहले ही इन आतंकवादियों को चेतावनी दी थी कि अगर उन्होंने ईसाइयों का कत्लेआम जारी रखा, तो उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। आज रात अमेरिकी सेना ने कई सटीक हमले किए। यह केवल अमेरिका ही कर सकता है। हमारा देश आतंकवाद को बढ़ने नहीं देगा।’
ट्रंप ने हाल ही में पेंटागन को नाइजीरिया में ईसाइयों पर हो रहे अत्याचारों को देखते हुए सैन्य कार्रवाई की योजना बनाने का निर्देश दिया था। इसके बाद, अमेरिकी विदेश विभाग ने नाइजीरिया में ईसाइयों के खिलाफ हिंसा में शामिल लोगों और उनके परिवारों पर वीजा प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। अमेरिका ने इंटरनेशनल रिलीजियस फ्रीडम एक्ट के तहत नाइजीरिया को ‘खास चिंता वाला देश’ घोषित किया है।
