अमरोहा: अमरोहा जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र में कैलाशा बाईपास पर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में उस समय हड़कंप मच गया जब एक ही दुल्हन को लेने दो अलग-अलग बारातें पहुंच गईं।
क्या है पूरा मामला
पिछले साल दुल्हन के पिता ने अपनी बेटी का विवाह मुरादाबाद के एक युवक से तय किया था। दोनों परिवारों की सहमति से मंगनी भी हो चुकी थी और शादी की तारीख 12 अप्रैल निर्धारित की गई थी। लेकिन शादी से कुछ दिन पहले दोनों परिवारों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन के पिता ने रिश्ता तोड़ने का निर्णय लिया। इसके बाद पंचायत के निर्णय पर दुल्हन का विवाह संभल के युवक से तय किया गया। जल्दबाजी में शादी की तारीख और स्थान वही रखा गया, लेकिन मुरादाबाद पक्ष ने भी शादी से पीछे हटने से इनकार कर दिया।
दुल्हन के लिए दो दूल्हे देखकर लोग हैरान
12 अप्रैल को पहले संभल की बारात बैंक्वेट हॉल पहुंची और स्वागत की तैयारियां शुरू हुईं। तभी अचानक मुरादाबाद से दूसरी बारात भी वहां पहुंच गई। दो दूल्हों को देखकर उपस्थित लोग चकित रह गए और हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला पुलिस तक पहुंच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस का बयान
सीओ अभिषेक कुमार यादव ने बताया कि पुलिस ने दुल्हन की राय ली, जिसमें उसने परिजनों की सहमति से संभल के युवक के साथ विवाह करने की बात कही। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में संभल के दूल्हे से विवाह कराया गया, जबकि मुरादाबाद से आए दूल्हे को कोतवाली ले जाया गया। कई घंटे बाद, जब दुल्हन की विदाई हो गई, तब मुरादाबाद वाले दूल्हे को छोड़ दिया गया। इस तरह विवाद को समाप्त कर स्थिति सामान्य करने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली.
