अमरनाथ यात्रा: 7,307 तीर्थयात्रियों का नया जत्था रवाना

अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए 7,307 तीर्थयात्रियों का नया जत्था जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। यात्रा की शुरुआत तीन जुलाई को हुई थी और यह नौ अगस्त को समाप्त होगी। अब तक 1.28 लाख श्रद्धालु इस पवित्र गुफा में दर्शन कर चुके हैं। जानें यात्रा के मार्ग और सुरक्षा इंतजामों के बारे में।
 | 
अमरनाथ यात्रा: 7,307 तीर्थयात्रियों का नया जत्था रवाना

अमरनाथ गुफा मंदिर की यात्रा

दक्षिण कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए 7,307 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था बृहस्पतिवार तड़के जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है। अब तक लगभग 1.28 लाख श्रद्धालु इस पवित्र गुफा में दर्शन कर चुके हैं।


तीर्थयात्रा की शुरुआत तीन जुलाई को घाटी के दो मार्गों से हुई थी। पहला मार्ग अनंतनाग जिले में 48 किलोमीटर लंबा पारंपरिक नुनवान-पहलगाम मार्ग है, जबकि दूसरा, गांदरबल जिले में 14 किलोमीटर का छोटा लेकिन अधिक चढ़ाई वाला बालटाल मार्ग है। यह यात्रा नौ अगस्त को समाप्त होगी।


अधिकारियों के अनुसार, 5,534 पुरुष, 1,586 महिलाएं, 25 बच्चे और 162 साधु-साध्वियों सहित 7,307 तीर्थयात्री बृहस्पतिवार तड़के सवा तीन से तीन बजकर 58 मिनट के बीच 284 वाहनों में रवाना हुए।


इसमें से 3,081 तीर्थयात्री 137 वाहनों में बालटाल मार्ग से और 4,226 तीर्थयात्री 147 वाहनों में पारंपरिक पहलगाम मार्ग से यात्रा पर निकले। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दो जुलाई को अमरनाथ गुफा के लिए पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाई थी।


पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भगवती नगर आधार शिविर को सुरक्षा के कड़े इंतजामों के तहत रखा गया है, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। अब तक चार लाख से अधिक लोगों ने तीर्थयात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। पिछले साल 5.10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने इस गुफा मंदिर में दर्शन किए थे।