अभिजीत दीपके ने आरएसएस पर लगाया हमला करने का आरोप
जयपुर में अभिजीत दीपके पर हमला
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सोमवार को जयपुर में उन पर हुए हमले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कुछ सदस्य शामिल थे। नागपुर हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि यह हमला नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET-UG) पेपर लीक जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से ध्यान भटकाने और छात्रों की आवाज को दबाने की एक सुनियोजित कोशिश है।
दीपके मंगलवार सुबह नागपुर पहुंचे, जहां सीजेपी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 'संविधान चौक' पर एक बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया।
सोमवार को जयपुर में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान दीपके के साथ दो व्यक्तियों ने कथित तौर पर मारपीट की।
हमले के पीछे आरएसएस का हाथ
इस घटना के संदर्भ में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। जब दीपके से पूछा गया कि वह इस हमले के लिए किसे जिम्मेदार मानते हैं, तो उन्होंने कहा, 'वहां आरएसएस के कुछ लोग थे और यह कोई नई बात नहीं है।' उन्होंने यह भी कहा कि जब भी कोई सरकार या उसकी विचारधारा के खिलाफ बोलता है, तब ऐसी घटनाएं होती हैं।
आरएसएस से संबंध होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दावों पर दीपके ने कहा, 'क्या इसी कारण उन्होंने मुझ पर हमला किया?' उन्होंने दोहराया कि यह हमला असली मुद्दों से ध्यान भटकाने और छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास था।
शांतिपूर्ण विरोध की अपील
दीपके ने कहा, 'हम अपने मुद्दों से नहीं भटकेंगे। जितना चाहो हम पर हमला कर लो। हम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे और अपने मुख्य मुद्दे से नहीं हटेंगे, जो एक करोड़ से अधिक छात्रों के साथ हो रहे अन्याय से संबंधित है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी।'
उन्होंने कहा, 'इस तरह के हमले होते रहेंगे, लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं। हम महात्मा गांधी और आंबेडकर के मार्ग पर चलते हैं। यह हमारा सत्याग्रह है और हम शांतिपूर्वक आगे बढ़ते रहेंगे।'
दीपके ने नागपुर के निवासियों, छात्रों और युवाओं से मंगलवार शाम चार बजे संविधान चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। सीजेपी नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है।
अधिकारियों के अनुसार, नागपुर में प्रदर्शन को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस को इस प्रदर्शन में 2,000 से अधिक युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। एक अधिकारी ने बताया कि संभावित भीड़ को देखते हुए शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
