अजीबोगरीब शादी: 32 वर्षों में 105 विवाह करने वाले व्यक्ति की कहानी
अजीबोगरीब शादी की कहानी

दुनिया में अजीबोगरीब व्यक्तियों की कोई कमी नहीं है, लेकिन कुछ लोग ऐसे होते हैं जिनकी हरकतें सुनकर हर कोई हैरान रह जाता है। अमेरिका के जियोवन्नी विगलियोटो की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। इस व्यक्ति ने ऐसा कुछ किया है जो न केवल चौंकाने वाला है, बल्कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी उसका नाम दर्ज है। जियोवन्नी ने 1949 से 1981 के बीच कुल 105 महिलाओं से विवाह किया। सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि उसने किसी से तलाक नहीं लिया। वह हर बार एक नई महिला को अपनी मीठी बातों में फंसाता और फिर उससे शादी कर लेता। उसने न केवल अमेरिका की महिलाओं से विवाह किया, बल्कि 14 देशों के 27 राज्यों की महिलाओं को भी अपना शिकार बनाया। शादी के बाद वह उनका पैसा, गहने या कीमती सामान लेकर गायब हो जाता। जब तक महिलाओं को सच्चाई का पता चलता, तब तक वह रफूचक्कर हो चुका होता।
14 देशों की महिलाओं का शिकार
जियोवन्नी ने केवल अमेरिका में ही नहीं, बल्कि 14 देशों के 27 राज्यों में जाकर शादियां कीं। उसने हर बार अपनी पहचान बदली, नकली नाम और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। कभी वह खुद को बिजनेसमैन बताता, तो कभी विदेशी नागरिक। उसके पास इतने नकली नाम थे कि पुलिस भी भ्रमित हो जाती थी। इस तरह वह हर महिला के साथ शादी कर उन्हें धोखा देता रहा। कई महिलाओं को तो यह भी नहीं पता था कि वह पहले से शादीशुदा है।
एक महिला की हिम्मत बनी गिरफ्तारी की वजह
सालों तक कानून से बचते रहे जियोवन्नी की चालें आखिरकार 1981 में फेल हो गईं, जब उसकी एक पत्नी शेरोना क्लार्क ने उसे खोजने का निर्णय लिया। क्लार्क को समझ आ गया था कि वह अकेली नहीं है जिसे धोखा मिला है। उसने खुद जियोवन्नी की तलाश शुरू की और महीनों की मेहनत के बाद 28 दिसंबर 1981 को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय उसने खुद को “निकोलाई पेरुस्कोव” बताया और कहा कि वह इटली का निवासी है, लेकिन बाद में वकील ने बताया कि उसका असली नाम फ्रेड जिप है और वह न्यूयॉर्क में पैदा हुआ था।
कोर्ट में खुली सारी पोल
गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में जियोवन्नी की सच्चाई सामने आई। कोर्ट ने उसे 34 साल की जेल और 3,36,000 डॉलर का जुर्माना सुनाया। वह एरिज़ोना स्टेट जेल में बंद था, जहां 1991 में ब्रेन हैमरेज से उसकी मृत्यु हो गई। उसकी कहानी लोगों के लिए एक सबक बन गई कि चाहे कोई कितना भी चालाक क्यों न हो, सच एक न एक दिन सामने आ ही जाता है। और रिश्तों का मजाक उड़ाने वालों का अंत कभी अच्छा नहीं होता।