अंडमान में प्राकृतिक गैस का नया भंडार खोजा गया
ऑयल इंडिया लिमिटेड की नई खोज
पब्लिक सेक्टर की तेल कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड ने अंडमान के अपतटीय क्षेत्र में प्राकृतिक गैस का दूसरा भंडार खोज निकाला है। यह खोज सीमांत बेसिन क्षेत्र को भविष्य में एक महत्वपूर्ण हाइड्रोकार्बन उत्पादक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को मजबूत करती है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को बताया कि यह खोज विजयपुरम3 अन्वेषण कुएं में की गई है, जो अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से लगभग 15 किलोमीटर दूर 355 मीटर गहरे समुद्री क्षेत्र में स्थित है। यह ऑयल इंडिया द्वारा इस क्षेत्र में खोला गया दूसरा सफल गैसयुक्त कुआं है.
खोज की जानकारी शेयर बाजार को दी गई
सरकारी महारत्न कंपनी OIL ने शुक्रवार को शेयर बाजार के एक्सचेंजों BSE और NSE को सूचित किया कि 'ओपन एकरेज लाइसेंसिंग पॉलिसी' के तहत, 'ऑफशोर अंडमान ब्लॉक ANOSHP2018/1' में विजयपुरम3 कुएं की ड्रिलिंग की गई है। यह कुआं अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से लगभग 15 किलोमीटर दूर, 355 मीटर की गहराई पर स्थित है.
गैस की सैंपलिंग और परीक्षण
ऑयल इंडिया ने बताया कि Eocene फॉर्मेशन में 1,900 मीटर से अधिक गहराई पर स्थित कुएं की प्रारंभिक प्रोडक्शन टेस्टिंग के दौरान लगातार फ्लेयरिंग से प्राकृतिक गैस की उपस्थिति का पता चला। परफोरेशन के बाद, कुएं से प्रोडक्शन शुरू हो गया। कंपनी ने कहा कि गैस के कंपोजिशन और कैलोरीफिक वैल्यू का पता लगाने के लिए आइसोटोप स्टडीज की जा रही हैं.
पिछले साल की खोज का संदर्भ
कंपनी ने बताया कि हाल की खोज 'हाइड्रोकार्बन के सोर्स, माइग्रेशन के रास्ते या जमाव की मौजूदगी का एक महत्वपूर्ण संकेत' है, जो भविष्य के एक्सप्लोरेशन प्रोग्राम की रणनीति बनाने में मदद करेगी। उल्लेखनीय है कि ऑयल इंडिया ने पिछले साल सितंबर में विजयपुरम2 कुएं में भी प्राकृतिक गैस की खोज की थी. अब तक अंडमान में खोले गए तीन अन्वेषण कुओं में से दो में हाइड्रोकार्बन की उपस्थिति की पुष्टि हो चुकी है.
