अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सम्मान समारोह का आयोजन
जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 का आयोजन
इंदौर, 25 नवंबर 2026: 2030 का भारत फाउंडेशन द्वारा 28 नवंबर को जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन परिवारों का सम्मान करना है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोने के बाद दूसरों को जीवन देने का साहसिक निर्णय लिया। यह समारोह इंदौर के एक होटल में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा। इसमें अंग एवं टिश्यू दान करने वाले परिवारों के साथ-साथ जागरूकता फैलाने वाले व्यक्तियों, डॉक्टर्स, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स और अस्पतालों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। यह पहल अंगदान को सामाजिक जागरूकता और मानवीय संवेदना से जोड़ने का प्रयास है।
सम्मान समारोह को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। पहली श्रेणी जीवनदाता परिवार सम्मान है, जिसमें अंग या टिश्यू दान करने वाले परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। दूसरी श्रेणी जीवन प्रेरणा सम्मान है, जिसमें अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तियों को शामिल किया गया है। तीसरी श्रेणी जीवन सारथी सम्मान है, जिसमें अंगदान और ट्रांसप्लांट प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉक्टर्स, सर्जन, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, काउंसलर्स, अस्पतालों और उनकी सहयोगी मेडिकल टीमों को सम्मानित किया जाएगा। इन श्रेणियों में सम्मानित होने वाले नामों का चयन विशेषज्ञों की टीम द्वारा विभिन्न सर्वेक्षणों के आधार पर किया जाएगा।
जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 के आयोजक और 2030 का भारत के फाउंडर अतुल मलिकराम ने कहा कि "अंगदान केवल एक चिकित्सा प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह मानवता और संवेदनशीलता से जुड़ा एक निर्णय है, जो किसी व्यक्ति के जाने के बाद भी कई लोगों को जीवन दे सकता है। जिन परिवारों ने अपने कठिन समय में अंगदान का निर्णय लिया, उनका साहस और उदारता समाज के लिए प्रेरणा है। हमारा प्रयास है कि ऐसे परिवारों और अंगदान की प्रक्रिया से जुड़े लोगों को सम्मान देने के साथ-साथ समाज में इस विषय पर जागरूकता भी बढ़ाई जाए।"
2030 का भारत शून्य भुखमरी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा जैसे सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में कार्य कर रहा है। संस्था शिक्षकों को सशक्त बनाने के लिए टीचर्स एम्पावरमेंट प्रोग्राम चला रही है और कैदियों के पुनर्वास के लिए भी प्रयास कर रही है। उनका मानना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की समझ विकसित करना भी आवश्यक है। मध्य प्रदेश में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए और अधिक प्रयासों की आवश्यकता है।
