केरल विधानसभा चुनाव 2026: नया मुख्यमंत्री आज हो सकता है नियुक्त
मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया
तिरुवनंतपुरम: केरल विधानसभा चुनाव 2026 में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट की ऐतिहासिक जीत के 10 दिन बाद, आज राज्य को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है। कांग्रेस केरलम कमेटी के वरिष्ठ नेता आज गुरुवार को गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात करेंगे। पार्टी ने इस मुलाकात के लिए समय मांगा था, जिसे राजभवन ने मंजूरी दे दी है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान सरकार बनाने का दावा पेश किया जा सकता है।
विधायक दल की बैठक और हाईकमान का दखल
मुख्यमंत्री के नाम पर मचे घमासान के बीच कांग्रेस ने आज दोपहर विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इस पद की दौड़ में मुख्य रूप से तीन नाम सबसे आगे चल रहे हैं— वीडी सतीशन, रमेश चेन्नीथला और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल। आज सुबह दिल्ली में केसी वेणुगोपाल ने राहुल गांधी से मुलाकात कर राज्य की स्थिति और फीडबैक पर चर्चा की है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीजे कुरियन ने मुख्यमंत्री चयन में हो रही देरी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी एक बेहद लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन कर रही है। कुरियन के मुताबिक, “हाईकमान ने मुझसे तीन बार राय मांगी और मैंने अपनी बात स्पष्ट रूप से राहुल गांधी के कार्यालय तक पहुंचा दी है। देरी इसलिए हुई क्योंकि हर पक्ष को सुना जा रहा है। जो भी फैसला होगा, वह सभी कार्यकर्ताओं को मान्य होगा।” उन्होंने वीडी सतीशन और अन्य दावेदारों के बीच किसी भी प्रकार के मतभेद की खबरों को खारिज कर दिया।
LDF के 10 साल के शासन का अंत
4 मई को आए चुनाव परिणामों में 140 सदस्यीय विधानसभा में UDF ने बहुमत के जादुई आंकड़े को पार करते हुए शानदार जीत दर्ज की थी। यह परिणाम पिछले एक दशक से राज्य की सत्ता पर काबिज लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट के खिलाफ बड़ा जनादेश माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें कांग्रेस के फैसले पर टिकी हैं कि क्या पार्टी किसी अनुभवी चेहरे पर दांव लगाएगी या नए नेतृत्व को कमान सौंपेगी।
