नॅशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने JEE Main 2026 सेशन 2 का परिणाम घोषित कर दिया है, जिसमें बिहार के शुभम कुमार ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। शुभम उन 26 छात्रों में शामिल हैं, जिन्होंने 100 परसेंटाइल स्कोर किया है। खास बात यह है कि शुभम ने दोनों सेशनों में 100 परसेंटाइल हासिल किया है, और वह बिहार के एकमात्र छात्र हैं जिन्होंने यह उपलब्धि प्राप्त की है। उनके परिवार में इस सफलता से खुशी का माहौल है।
शुभम कुमार गया जिले के नादरागंज के निवासी हैं। उनका परिवार साधारण है; उनके पिता शिवकुमार हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं और मां कंचन देवी गृहिणी हैं। शुभम का पढ़ाई के प्रति जुनून बचपन से ही था। उनकी बड़ी बहन प्रिया कुमारी IIT पटना से बीटेक कर रही हैं, जिन्होंने शुभम को प्रेरित किया। शुभम ने गया के नजरथ अकैडमी से 10वीं और ब्रिटिश इंग्लिश स्कूल से 12वीं की पढ़ाई की। उन्होंने मैट्रिक तक किसी ट्यूशन का सहारा नहीं लिया और अपनी मेहनत से सफलता प्राप्त की। 12वीं के बाद, इंजीनियरिंग के सपने को पूरा करने के लिए वे राजस्थान के कोटा चले गए, जहां उन्होंने JEE की तैयारी की।
अब शुभम का अगला लक्ष्य JEE Advanced है। वह IIT बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस (CSE) में बीटेक करना चाहते हैं। IIT बॉम्बे का कंप्यूटर साइंस विभाग हमेशा से टॉपर्स की पहली पसंद रहा है, और शुभम भी इस प्रतिष्ठित संस्थान का हिस्सा बनकर अपने और अपने राज्य का नाम रोशन करना चाहते हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुभम कुमार को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘युवा प्रतिभा ने बिहार का मान बढ़ाया है। गयाजी जिले के शुभम कुमार द्वारा जेईई मेन 2026 में राज्य में शीर्ष स्थान प्राप्त करना पूरे बिहार के लिए गर्व का क्षण है। उनकी यह उपलब्धि समर्पण, मेहनत और उत्कृष्टता का प्रतीक है। शुभम कुमार सहित सभी सफल विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं। आपकी यह सफलता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है, आप यूं ही प्रदेश और राष्ट्र का नाम रोशन करते रहें।’
