उत्तर प्रदेश में फर्जी क्यूआर कोड से ठगी करने वाला गिरफ्तार
फर्जी क्यूआर कोड से ठगी का मामला
मऊ (उप्र), चार अगस्त: उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने फर्जी ‘क्यूआर कोड’ और नकली यूटीआर नंबर का इस्तेमाल कर दुकानदारों से बिना भुगतान किए इलेक्ट्रॉनिक सामान प्राप्त किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से 16 इलेक्ट्रॉनिक और अन्य सामान बरामद हुए हैं।
क्षेत्राधिकारी नितेश प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि कोतवाली नगर पुलिस ने बलिया जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र के हरिहरपुर चिलकहर मुड़ेंरा निवासी धर्मेंद्र यादव को उसके ससुराल से पकड़ा। यादव गाजीपुर, मऊ, वाराणसी जैसे विभिन्न जिलों में उन दुकानों को निशाना बनाता था, जहां ऑनलाइन भुगतान की पुष्टि के लिए ‘साउंड बॉक्स’ नहीं होता था।
सिंह ने बताया कि यादव मोबाइल का इंटरनेट बंद करके क्यूआर कोड स्कैन करता था और फिर फर्जी यूटीआर या क्लोन एप की नकली भुगतान रसीद दिखाकर दुकानदारों को धोखा देता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग नाम और पते का उपयोग करता था और ठगी से प्राप्त सामान को अपने घर में रखकर बाद में कम कीमत पर बेचता था। क्षेत्राधिकारी के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके ठिकाने से 16 इलेक्ट्रॉनिक और अन्य सामान बरामद किए।
