मुंबई में हिट एंड रन : टेम्पो की टक्कर से महिला की मौत, चालक की तलाश में जुटी पुलिस

मुंबई, 24 जून (आईएएनएस)। मुंबई के मानखुर्द इलाके में मंगलवार को हिट एंड रन का मामला सामने आया। एक तेज रफ्तार टेम्पो ने सड़क पर चल रही बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। घायल महिला को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
मानखुर्द पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 68 वर्षीय सुमन यशवंत भालेराव की मानखुर्द टी-जंक्शन पर तेज रफ्तार टेंपो की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद टेम्पो चालक मौके से फरार हो गया। मानखुर्द पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई।
मृतक महिला घाटकोपर के नित्यानंद नगर के सीजीएस कॉलोनी की रहने वाली है। वह अपनी बहन से मिलने के लिए ट्रॉम्बे जा रही थी।
इससे पहले, मुंबई में 15 जून को भी हिट एंड रन का मामला सामने आया है, जहां डंपर की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई थी। यह घटना मुंबई के मलाड ईस्ट में स्थित वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे की थी। जानकारी के अनुसार, अजय गुप्ता नाम का एक युवक अपनी एक्टिवा पर सवार होकर मीरा रोड से जोगेश्वरी की तरफ जा रहा था। जैसे ही युवक मलाड ईस्ट के साउथ बाउंड पर स्थित एक बिल्डिंग के सामने पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसकी एक्टिवा को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक अजय गुप्ता मौके पर ही गिर गया। घटना के बाद डंपर चालक ने वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने अजय को जोगेश्वरी ईस्ट के ट्रॉमा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
--आईएएनएस
पीएसके/डीएससी