भारतीय सैन्य टुकड़ी पहुंची मंगोलिया, एक्सरसाइज ‘खान क्वेस्ट’ में होगी शामिल

नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस) भारतीय सेना की एक टुकड़ी बुधवार को मंगोलिया की राजधानी उलानबाटर पहुंची। भारतीय सेना के जवान यहां मंगोलियाई सैनिकों व अन्य देशों की सेना के साथ एक बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘खान क्वेस्ट’ में भाग लेंगे। यह सैन्य अभ्यास इस महीने 14 जून से 28 जून तक आयोजित किया जाएगा।
 | 
भारतीय सैन्य टुकड़ी पहुंची मंगोलिया, एक्सरसाइज ‘खान क्वेस्ट’ में होगी शामिल

नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस) भारतीय सेना की एक टुकड़ी बुधवार को मंगोलिया की राजधानी उलानबाटर पहुंची। भारतीय सेना के जवान यहां मंगोलियाई सैनिकों व अन्य देशों की सेना के साथ एक बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘खान क्वेस्ट’ में भाग लेंगे। यह सैन्य अभ्यास इस महीने 14 जून से 28 जून तक आयोजित किया जाएगा।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस सैन्य अभ्यास का उद्देश्य वैश्विक सेनाओं के बीच शांति स्थापना अभियानों में सहयोग और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देना है। इससे पहले ‘खान क्वेस्ट’ अभ्यास का पिछला संस्करण 27 जुलाई से 9 अगस्त 2024 तक मंगोलिया में ही आयोजित किया गया था। इस अभ्यास की शुरुआत वर्ष 2003 में अमेरिका और मंगोलियाई सशस्त्र बलों के बीच एक द्विपक्षीय अभ्यास के रूप में हुई थी, जो वर्ष 2006 से एक बहुराष्ट्रीय शांति अभ्यास में परिवर्तित हो गया।

वर्ष 2025 का संस्करण इस अभ्यास का 22वां संस्करण है। भारतीय सेना की इस टुकड़ी में कुमाऊं रेजिमेंट की एक बटालियन के 40 जवानों के साथ-साथ अन्य अंगों और सेवाओं के जवान भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, एक महिला अधिकारी और दो महिला सैनिक भी टुकड़ी का हिस्सा हैं। अभ्यास का उद्देश्य भारतीय सेना को शांति स्थापना अभियानों में बहुराष्ट्रीय वातावरण में काम करने के लिए तैयार करना है।

यह अभ्यास सामूहिक योजना, शारीरिक दक्षता, और सामूहिक रणनीतिक अभ्यासों पर केंद्रित होगा। प्रशिक्षण के दौरान अभ्यास में कई रणनीतिक अभियानों को शामिल किया जाएगा। इन अभ्यास में मोबाइल चेक पोस्ट की स्थापना करना, घेराबंदी और तलाशी अभियान, गश्त (पेट्रोलिंग), शत्रुतापूर्ण क्षेत्रों से नागरिकों की निकासी शामिल है। इसके अलावा इस बहुराष्ट्रीय एक्सरसाइज में विस्फोटक रोधी उपाय व युद्धक्षेत्र में प्राथमिक उपचार और घायलों की निकासी जैसे महत्वपूर्ण अभ्यास भी किए जाएंगे।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह अभ्यास भागीदार देशों के बीच रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं को साझा करने का एक मंच प्रदान करेगा। साथ इस कदम सैनिकों के बीच आपसी सहयोग, भाईचारे और परस्पर संचालन क्षमता को मजबूत करेगा। गौरतलब है कि भारत व मंगोलिया की सेना पहले से ही एक महत्वपूर्ण संयुक्त सैन्य अभ्यास कर रही हैं। यह अभ्यास भी मंगोलिया में हो रहा है। मंगोलिया के उलानबटोर में भारत और मंगोलिया के बीच यह 17वें संस्करण का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘नोमैडिक एलीफेंट 2025’ है। यह अभ्यास विशेष बल प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित किया जा रहा है और 13 जून तक चलेगा। भारतीय सेना के मुताबिक प्रमुख रूप से, इस अभ्यास में अर्ध-पर्वतीय क्षेत्रों में आतंकवाद निरोधक अभियानों का अभ्यास किया जा रहा है। यह अभ्यास वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

--आईएएनएस

जीसीबी/एएस