14वीं सदी के सम्राट मनसा मूसा: दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति

मनसा मूसा की अद्वितीय संपत्ति

हम सभी जेफ बेजोस को जानते हैं, जो अमेज़न के संस्थापक हैं और वर्तमान में दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति माने जाते हैं। लेकिन इतिहास में एक ऐसा नाम है, जिसकी संपत्ति आज के सबसे अमीर व्यक्तियों से भी कहीं अधिक है।
इस व्यक्ति के सामने एलन मस्क और मुकेश अंबानी जैसे अरबपति भी फीके पड़ जाते हैं। हम बात कर रहे हैं 14वीं सदी के अफ्रीकी सम्राट मनसा मूसा की, जिन्हें पृथ्वी पर अब तक का सबसे अमीर व्यक्ति माना जाता है।
400 अरब डॉलर से अधिक की संपत्ति
मनसा मूसा का जन्म 1280 में हुआ और वह 1312 में पश्चिम अफ्रीका के विशाल माली साम्राज्य के सम्राट बने। यदि आज के मानकों पर उनकी संपत्ति का मूल्यांकन किया जाए, तो यह लगभग 400 अरब डॉलर है। यह राशि आधुनिक समय के सबसे धनी व्यक्ति जेफ बेजोस की संपत्ति से दोगुनी है। मूसा की संपत्ति उनके राज्य के समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों से आई थी। माली में सोने की खदानें जैसे बंबुक, वंगारा, ब्यूर, गलाम और तगाजा से उनकी दौलत में वृद्धि हुई। मूसा ने आइवरी कोस्ट, सेनेगल, माली और बुर्किना फासो जैसे कई समकालीन अफ्रीकी देशों पर शासन किया। उनकी शाही राजधानी टिम्बकटू थी।
दयालुता के लिए प्रसिद्ध
मनसा मूसा को उनकी दयालुता और उदारता के लिए जाना जाता था। कहा जाता है कि वह जरूरतमंदों को सोने से लाद देते थे। लंदन के स्कूल ऑफ अफ्रीकन एंड ओरिएंटल स्टडीज की लुसी ड्यूरन ने उनकी उदारता को उजागर किया है। उनके द्वारा लिए गए निर्णयों की पूरे इतिहास में सराहना की जाती है। उनके पास विशाल भूमि और प्राकृतिक संसाधन थे, जिसने उनकी संपत्ति को और बढ़ाया।
ऐतिहासिक यात्रा
मनसा मूसा ने 1324 में मक्का के लिए हज यात्रा की थी, जो उनके नाम को इतिहास में अमर बना गई। बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, उनका कारवां सहारा रेगिस्तान को पार करने वाला सबसे बड़ा कारवां था। इस यात्रा में उन्होंने 100 सोने के ऊंट, 12,000 नौकर और 60,000 गुलामों के साथ मक्का की यात्रा की। इतिहासकारों का मानना है कि इस यात्रा के दौरान उन्होंने लगभग 18 टन सोना ले जाया था, जिसकी वर्तमान कीमत लगभग एक अरब डॉलर है।