यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा का रिजल्ट जल्द, 50 लाख छात्रों का इंतजार खत्म
यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम की घोषणा
प्रयागराज। एशिया की सबसे बड़ी परीक्षा संस्था, यूपी बोर्ड, की 10वीं और 12वीं कक्षाओं के परिणाम का इंतजार कर रहे 50 लाख से अधिक छात्रों के लिए खुशखबरी है। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में परिणाम घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कापियों का मूल्यांकन पूरा हो चुका है और अब टेबुलेशन और प्रोसेसिंग का कार्य चल रहा है। मूल्यांकन के बाद परिणाम तैयार करने में लगभग 20 से 25 दिन का समय लगेगा।
भगवती सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन 4 अप्रैल को समाप्त हुआ। यह कार्य 18 मार्च से 4 अप्रैल तक 15 कार्य दिवसों में किया गया। मूल्यांकन के लिए कुल 254 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे।
लगभग 50 लाख छात्रों की करीब पौने तीन करोड़ कापियों का मूल्यांकन किया गया है। एक लाख 53 हजार परीक्षकों ने कापियों का मूल्यांकन सीसीटीवी की निगरानी में किया। सुरक्षा के लिए मूल्यांकन केंद्रों पर 24 घंटे सशस्त्र पुलिस बल तैनात किया गया था। हालांकि, ईद और रामनवमी की छुट्टियों के कारण मूल्यांकन की अवधि बढ़ाई गई।
यूपी की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च को समाप्त हुईं। इस वर्ष हाईस्कूल के लिए 27 लाख 61 हजार 696 और इंटरमीडिएट के लिए 25 लाख 76 हजार 082 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे। कुल मिलाकर 53 लाख 37 हजार 778 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
हाईस्कूल में लगभग 26 लाख और इंटरमीडिएट में लगभग 24.5 लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि लगभग 2.87 लाख परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 8033 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थीं। पिछले वर्ष, 2025 का परिणाम 25 अप्रैल को घोषित किया गया था। इस बार भी सचिव भगवती सिंह ने आश्वासन दिया है कि परिणाम समय पर जारी किया जाएगा।
