मध्यप्रदेश में ठंड का प्रकोप: तापमान सामान्य से 7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे

मध्यप्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जहां तापमान सामान्य से 7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है। भोपाल में पिछले 25 वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया है। मौसम विभाग ने 12 जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी के कारण उत्तरी हवाएं प्रदेश में ठंड बढ़ा रही हैं। जानें और क्या है इस मौसम का हाल और प्रभावित जिले।
 | 

राजधानी में तापमान में गिरावट

मध्यप्रदेश में ठंड का प्रकोप: तापमान सामान्य से 7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे


उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं ने मध्यप्रदेश में सर्दियों का असर पहले ही महसूस करवा दिया है। भोपाल समेत प्रदेश के 12 जिलों में शीतलहर के कारण मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। रविवार को 7 जिलों का तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा।


भोपाल में ठंड का नया रिकॉर्ड

भोपाल में ठंड ने पिछले 25 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बर्फीली हवाओं के प्रभाव से भोपाल और उज्जैन संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से 5.6 से 7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। इंदौर, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर और सागर संभाग में भी तापमान सामान्य से 3.0 से 4.6 डिग्री कम दर्ज किया गया। वहीं, नर्मदापुरम, चंबल और शहडोल संभाग के जिलों में यह कमी 1.5 से 2.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रही।


आगामी तापमान में गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में पूर्वी मध्यप्रदेश में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है।


शीतलहर से प्रभावित जिले

भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, देवास, शाजापुर, आगर, रीवा, मऊगंज, शहडोल, उमरिया और जबलपुर।


ठंड बढ़ने का कारण

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी के चलते उत्तरी हवाएं मध्यप्रदेश तक पहुंच रही हैं, जिससे नवंबर की शुरुआत में ही ठंड का असर बढ़ गया है। रात और सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखने को मिल रहा है।


यहां तापमान 10 डिग्री से नीचे

गिरवर (शाजापुर): 6.6°C


राजगढ़ / इंदौर: 7.0°C


भोपाल: 8.0°C


सीहोर: 8.3°C


कल्याणपुर (शहडोल): 8.4°C