पश्चिम बंगाल में TMC सांसद मिताली बाग की कार पर हमला
हमले की घटना
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में सोमवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद मिताली बाग की कार पर हमला हुआ। यह घटना उस समय हुई जब वह गोगहाट से आरामबाग में अभिषेक बनर्जी के रोड शो में शामिल होने जा रही थीं। हमले के दौरान उनकी कार के शीशे टूट गए।
ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। हमले में सांसद और उनके चालक को चोटें आई हैं।
उन्हें तुरंत आरामबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमले के बाद मिताली बाग कैमरे के सामने आकर फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने कहा, 'मेरी गाड़ी की स्थिति देखिए। उन लोगों ने बड़े पत्थर फेंके। मैं किसी तरह जान बचाकर निकली हूं।'
तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों ने गोगहाट में उनकी गाड़ी पर ईंट-पत्थर और लाठियों से हमला किया। TMC ने X पर एक पोस्ट में कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने धमकी दी थी कि जो भी घर से बाहर निकलेगा, उसे उल्टा लटका दिया जाएगा। इसी के बाद यह हमला हुआ।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान सिंतु संत्रा, सनातन संत्रा और राजकुमार रॉय के रूप में हुई है। दावा किया गया है कि ये सभी भाजपा कार्यकर्ता हैं।
