गाजियाबाद में तीन बहनों की आत्महत्या: सुसाइड नोट और डायरी से खुला राज
गाजियाबाद में त्रासदी
यूपी के गाजियाबाद में तीन बहनों की आत्महत्या ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। टीला मोड थाना क्षेत्र के भारत सिटी सोसायटी में, तीनों नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। इस मामले में एक नया और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट और एक डायरी मिली है। सुसाइड नोट में बहनों ने लिखा है, 'आई लव यू मम्मी-पापा। सॉरी।' वहीं, डायरी में लिखा है, 'वी लव कोरियन गेम्स।'
पुलिस ने इन दोनों दस्तावेजों के साथ-साथ तीनों बहनों के मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, मोबाइल के लॉक अभी तक नहीं खोले जा सके हैं। जब तक मोबाइल के लॉक नहीं खुलते, तब तक असली जानकारी सामने नहीं आ पाएगी। मृतक बच्चियों के पिता, चेतन, जो ऑनलाइन ट्रेडिंग करते हैं, ने दो शादियां की हैं और पिछले तीन से चार वर्षों से भारत सिटी सोसायटी में अपनी दोनों पत्नियों के साथ रह रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ये बहनें ऑनलाइन टास्क आधारित कोरियन लवर गेम खेलती थीं। तीनों बहनों की आत्महत्या के बाद इलाके में भय का माहौल है। आत्महत्या करने वाली बहनों के नाम निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) हैं।

पिता का बयान
पिता चेतन कुमार ने बताया कि उनकी तीनों बेटियों को कोरोना काल के दौरान मोबाइल गेम की लत लग गई थी। वे सभी टारगेट गेम खेलती थीं। हालांकि, उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह उन्हें नहीं पता। पुलिस के अनुसार, इनका स्कूल नियमित नहीं था।
पुलिस की जांच
पुलिस ने बताया कि यह घटना रात करीब 2 बजे भारत सिटी के बी-1 टावर के फ्लैट संख्या 907 में हुई। स्थानीय निवासियों ने तेज आवाज सुनकर बाहर आकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। डिजिटल गतिविधियों और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी फोरेंसिक जांच की जाएगी।
