उत्तर प्रदेश में अस्पताल की लापरवाही का वीडियो वायरल, गर्भ में बच्चे की मौत का आरोप
उत्तर प्रदेश का चौंकाने वाला मामला

उत्तर प्रदेश से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। इस वीडियो में एक महिला ने बताया कि किस प्रकार डॉक्टर की लापरवाही के कारण उसके गर्भ में बच्चे की मृत्यु हो गई। महिला ने कहा कि अस्पताल में डॉक्टर ने मूंगफली लाने के लिए कहा और न लाने पर ताना भी मारा।
यह घटना लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल की बताई जा रही है। वीडियो में महिला ने कहा कि उसकी भाभी प्रसव पीड़ा के चलते अस्पताल आई थीं। डॉक्टर ने कहा था कि सामान्य डिलीवरी होगी, जिसके बाद उन्हें भर्ती किया गया। दिन की शिफ्ट में मौजूद डॉक्टर के जाने के बाद रात में नई डॉक्टर आईं और कहा कि यह पहला बच्चा है, इसलिए समय लगेगा।
महिला ने आगे बताया कि डॉक्टर ने उसके भाई से 100 रुपये की मूंगफली लाने के लिए कहा। रात के 11 बजे थे, इसलिए केवल 250 ग्राम मूंगफली ही मिल पाई। जब डॉक्टर ने मूंगफली देखी, तो वह भड़क गईं। रात में चेकअप के बाद उन्होंने कहा कि डिलीवरी सामान्य ही होगी।
ऑपरेशन में देरी और बच्चे की स्थिति
सुबह होते ही डॉक्टर ने कहा कि अब ऑपरेशन करना होगा और रेफर कर रहे हैं। सुबह 7 बजे जब परिवार ने कहा कि डिलीवरी करवा दीजिए, तो स्टाफ ने बताया कि यहां 10 बजे से पहले ऑपरेशन नहीं हो सकता। इसके बाद परिवार को दो घंटे से अधिक इंतजार करना पड़ा।
जब 10 बजे ऑपरेशन हुआ, तो पता चला कि बच्चे की स्थिति ठीक नहीं है। मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन बच्चे की मृत्यु रास्ते में ही हो गई। महिला ने आंसू भरे स्वर में कहा कि अब उसकी भाभी अस्पताल में हैं और उन्हें कुछ नहीं होना चाहिए। उन्होंने बाहर से इंजेक्शन लाकर दिया था, लेकिन डॉक्टर ने उसे लगाया नहीं।
महिला का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोग उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।