उज्जैन में तीन कैदी फरार, पुलिस ने शुरू की खोजबीन
उज्जैन में कैदियों की फरारी
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के खाचरोद उपजेल से गुरुवार शाम 7 बजे तीन कैदी भाग गए। इनमें से दो बलात्कार और एक हत्या के मामले में जेल में बंद थे। इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने फरार कैदियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं और जनता से अपील की है कि यदि किसी को इन कैदियों के बारे में जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
फरार कैदियों के नाम नारायण (31), गोविंद (35) और गोपाल (22) बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये तीनों महिला सेल से भागे हैं। जैसे ही फरारी की सूचना मिली, जेल प्रशासन ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जेल परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया।
इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। प्रारंभिक जांच में जेल की सुरक्षा, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका और महिला सेल से कैदियों के भागने के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी धन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। जांच के बाद तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। साथ ही, फरार कैदियों की फुटेज जारी की गई है। लोगों से सोशल मीडिया पर अपील की गई है कि वे उन्हें पकड़ने में मदद करें। पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी करने की योजना बना रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ने का आश्वासन दिया है।
