'मैं तेजी से हो रहा हूं स्वस्थ, जल्द मिलूंगा', नवीन पटनायक ने ओडिशा की जनता का जताया आभार

भुवनेश्वर, 18 अगस्त (आईएएनएस)। ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (बीजद) के प्रमुख नवीन पटनायक ने अपने स्वास्थ्य को लेकर ओडिशा की जनता का आभार व्यक्त किया है। नवीन पटनायक के आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें वह अपने स्वास्थ्य को लेकर की गई शुभकामनाओं के लिए जनता का आभार व्यक्त करते दिखाई दे रहे हैं।
नवीन पटनायक ने एक्स पर लिखा, "ओडिशा की जनता का शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ का भी शानदार देखभाल के लिए आभार व्यक्त करता हूं। मैं तेजी से स्वस्थ हो रहा हूं और जल्द ही लोगों से मिलूंगा।"
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को रविवार शाम भुवनेश्वर के एसयूएम अल्टीमेट मेडिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें डिहाइड्रेशन और थकान महसूस होने के कारण शाम 5:15 बजे अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है और वे इलाज पर अच्छी तरह से प्रतिक्रिया दे रहे हैं। डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
बताया गया कि नवीन पटनायक को अचानक बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद डॉक्टरों की एक टीम उनके सरकारी आवास 'नवीन निवास' पहुंची। प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई।
एक वरिष्ठ बीजद नेता ने कहा कि अस्पताल द्वारा जल्द ही विस्तृत स्वास्थ्य बुलेटिन जारी किया जाएगा। पार्टी और उनके समर्थकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
इस बीच, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी।
उन्होंने लिखा, "मुझे विपक्ष के नेता नवीन पटनायक की अस्वस्थता के बारे में पता चला। मैं भगवान जगन्नाथ से उनके शीघ्र स्वस्थ होने और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं।"
इससे पहले 78 वर्षीय पटनायक ने जून के महीने में मुंबई के एक अस्पताल में स्पाइनल सर्जरी करवाई थी। सर्जरी के बाद 7 जुलाई को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी और 12 जुलाई को वे भुवनेश्वर लौटे थे।
--आईएएनएस
एफएम/