पुलिस इंटरव्यू में युवक की चतुराई से भरी बातचीत
पुलिस की नौकरी के लिए अनोखा इंटरव्यू
एक युवक पुलिस की नौकरी के लिए इंटरव्यू देने पहुंचा। वहां एक पुलिस अधिकारी ने उससे पूछा कि यदि सेब का दाम 150 रुपये प्रति किलो है, तो 100 ग्राम सेब की कीमत क्या होगी।
युवक की गणित कमजोर थी, लेकिन उसकी चतुराई काबिले तारीफ थी। उसने जवाब दिया, 'साहब, अगर मुझे 100 ग्राम सेब के लिए पैसे देने पड़ें, तो फिर पुलिस की नौकरी का क्या फायदा?'
अधिकारी ने कहा, 'ठीक है, मान लेते हैं। लेकिन अगर तुम्हारी पत्नी बाजार जाए तो 150 रुपये प्रति किलो के हिसाब से 100 ग्राम सेब की कीमत क्या होगी?'
युवक ने उत्तर दिया, 'साहब, मेरी पत्नी को मैं आपसे बेहतर जानता हूं। वह 100 ग्राम सेब का ही रेट पूछेगी, यह पक्का है।'
अधिकारी ने फिर पूछा, 'अगर तुम्हारा भाई सेब लेने जाए तो क्या होगा?'
युवक ने कहा, 'उसकी बात मत करो, साहब। वह तो कामचोर है और सारा दिन सोता रहता है।'
अधिकारी ने हार नहीं मानी और पूछा, 'अगर तुम्हारा पिता सेब लेने जाए तो 100 ग्राम सेब की कीमत क्या होगी?'
'साहब, मेरे पिता के तो दांत ही नहीं बचे हैं। वह तो केले खाते हैं, इसलिए न वह सेब खरीदेंगे और न ही रेट पूछेंगे,' युवक ने जवाब दिया।
अधिकारी ने फिर पूछा, 'अगर तुम्हारी बहन सेब खरीदने जाए तो क्या होगा?'
'सर, मैंने उसकी शादी पांच साल पहले कर दी है। अब वह और उसका पति जो चाहें खरीदें, मुझे इससे क्या,' युवक ने कहा।
अधिकारी का धैर्य अब टूटने लगा। उसने गुस्से में कहा, 'अगर कोई आम आदमी सेब लेने जाए तो 100 ग्राम सेब की कीमत क्या होगी?'
'साहब, आम आदमी को सेब खाने लायक सरकार और हमारे सिस्टम ने छोड़ा ही नहीं है। वह तो बस नमक रोटी में परेशान है। आम आदमी तो बस सेब का ठेला लगाता है और खास आदमी ही सेब खरीदता है,' युवक ने उत्तर दिया।
