मार्कस नॉर्थ बने इंग्लैंड पुरुष क्रिकेट टीम के नए नेशनल सिलेक्टर
इंग्लैंड क्रिकेट टीम में नया बदलाव
इंग्लैंड क्रिकेट टीम: इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मार्कस नॉर्थ को इंग्लैंड पुरुष क्रिकेट टीम का नया नेशनल सिलेक्टर नियुक्त किया है। नॉर्थ ने लगभग आठ वर्षों तक डरहम काउंटी क्लब के साथ काम किया, जहां उन्होंने 2018 से क्रिकेट डायरेक्टर की भूमिका निभाई। अब, ईसीबी में नई जिम्मेदारी मिलने के साथ, उनका डरहम के साथ सफर समाप्त हो गया है।
अपनी नई भूमिका में, 45 वर्षीय नॉर्थ इंग्लैंड की पुरुष क्रिकेट टीम के सभी स्तरों पर खिलाड़ियों के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सीनियर नेशनल टीम से लेकर लायंस और यंग लायंस टीमों तक उनकी जिम्मेदारी होगी।
भविष्य की योजनाओं पर ध्यान केंद्रित
मार्कस काउंटी सीजन के दौरान घरेलू क्रिकेट पर नजर रखने के साथ-साथ सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से जुड़े निर्णयों में भी सहायता करेंगे। इसके साथ ही, ईसीबी की स्काउटिंग टीम के साथ मिलकर भविष्य की योजनाओं में योगदान देंगे। इसके अलावा, नॉर्थ ईसीबी के साइंस और मेडिकल विभागों के साथ मिलकर खिलाड़ियों की फिटनेस, वर्कलोड का संतुलन और मुकाबलों के शेड्यूल को प्रबंधित करने पर भी ध्यान देंगे।
पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के निवासी मार्कस नॉर्थ ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में ऑस्ट्रेलिया के लिए 21 टेस्ट और 2 वनडे मैच खेले हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने काउंटी क्रिकेट में भी अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने इंग्लैंड की छह अलग-अलग काउंटी टीमों के लिए खेला है। डरहम में अपने कार्यकाल के दौरान, नॉर्थ ने क्लब को खेल के मैदान और संगठन दोनों स्तरों पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मार्कस नॉर्थ का बयान
नई जिम्मेदारी मिलने पर मार्कस ने कहा, “मैं नेशनल सिलेक्टर के रूप में नियुक्त होने पर बहुत खुश हूं। यह मेरे लिए एक बड़ा सम्मान है। मैं इंग्लैंड मेंस टीमों के विकास में योगदान देने के लिए उत्साहित हूं। पिछले कई वर्षों में काउंटी क्रिकेट में काम करते हुए, मैंने घरेलू सिस्टम में मौजूद प्रतिभा की ताकत और गहराई को देखा है। मैं काउंटी टीमों के साथ मिलकर ऐसे खिलाड़ियों को पहचानने और उन्हें चुनने के लिए काम करने का इंतजार कर रहा हूं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर सकें।”
उन्होंने आगे कहा, “इंग्लैंड मेंस टीमों के भविष्य को संवारने में मदद करने का यह अवसर मेरे लिए बहुत जुनून वाला काम है। मैं रॉब, ब्रेंडन, बेन, हैरी और पूरी परफॉर्मेंस टीम के साथ मिलकर ऐसी टीमें बनाने के लिए काम शुरू करने को लेकर उत्साहित हूं, जो सभी फॉर्मेट में लगातार और सफलतापूर्वक मुकाबला कर सकें। मैंने डरहम में अपना समय बहुत अच्छे से बिताया और मैं टिम बॉस्टॉक को 2018 में मुझे यह मौका देने के लिए धन्यवाद देना चाहूंगा। पिछले आठ वर्षों में बोर्ड, खिलाड़ियों, स्टाफ और समर्थकों से मिले सहयोग के लिए मैं हमेशा उनका आभारी रहूंगा।”
