
शामली के कैराना नगर में एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ विवाद के बाद चार बच्चों के साथ यमुना नदी में छलांग लगा दी। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। यमुना तट पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए हैं।
शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे, मुहल्ला अफगानान हाल निवासी सलमान, अपनी बारह वर्षीय बेटी महक, पांच वर्षीय शिफा, आठ माह की इनायशा और तीन वर्षीय बेटे आयान के साथ यमुना नदी के पुल पर पहुंचे। वहां, सलमान ने अपनी तीन बेटियों और बेटे के साथ नदी में कूदने का निर्णय लिया। घटना से पहले उसने एक वीडियो में कहा कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध है, जिससे वह पिछले सात महीनों से परेशान था। उसने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को इस घटना का जिम्मेदार ठहराया। उसकी बहन गुलिस्ता ने बताया कि सलमान बच्चों के साथ घर से निकला था और दोपहर में उसने एक वीडियो भेजा था, लेकिन वह उसे ठीक से नहीं देख पाई।
वीडियो से खुला राज, मचा हड़कंप
शनिवार को परिवार ने वीडियो देखा, जिसके बाद घटना का रहस्य सामने आया। परिवार के सदस्य और मुहल्ले के लोग यमुना पुल पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम निधि भारद्वाज और सीओ श्याम सिंह भी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की टीम को निर्देश देकर सर्च अभियान शुरू किया।
घाट पर जुटी सैकड़ों की भीड़
एक पिता और चार बच्चों के यमुना में डूबने की सूचना पर नगर के सैकड़ों लोग नदी के किनारे इकट्ठा हो गए। सभी लोग नदी की ओर टकटकी लगाए देख रहे हैं। इस दौरान पालिका अध्यक्ष शमशाद अंसारी, सभासद उम्मेद राणा और पूर्व सभासद मेहरबान अंसारी सहित कई लोग वहां मौजूद थे।