हालांकि, उनकी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आए, जैसे फरमान खान से प्यार, परिवार की नाराजगी, भागकर शादी, लव जिहाद के आरोप, उम्र विवाद और प्रेग्नेंसी की खबरें। अब सवाल यह है कि महाकुंभ की मोनालिसा कहां हैं और क्या कर रही हैं? क्या उनका फिल्मी करियर खत्म हो गया या वह फिर से बड़े पर्दे पर लौटने की तैयारी कर रही हैं?

2025 के प्रयागराज महाकुंभ में मोनालिसा रुद्राक्ष की मालाएं बेचने आई थीं। उनकी खूबसूरत आंखों और मुस्कान ने लोगों का ध्यान खींचा और वह सोशल मीडिया पर छा गईं। उन्हें 'महाकुंभ वायरल गर्ल' और 'कुंभ ब्यूटी' के नाम से जाना जाने लगा। इसी शोहरत ने उनके लिए फिल्मी दुनिया के दरवाजे खोले।

फिल्म निर्माता सनोज मिश्रा ने उन्हें अपनी फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' में लीड रोल का ऑफर दिया। मोनालिसा को एक्टिंग की ट्रेनिंग भी दी गई और फिल्म की शूटिंग भी हुई। फरवरी 2026 में शूटिंग पूरी होने की खबर आई, लेकिन रिलीज से पहले उनकी जिंदगी में तूफान आ गया।

मोनालिसा की जिंदगी में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब वह फरमान खान के प्यार में पड़ गईं। दोनों की मुलाकात मलयालम फिल्म 'नागम्मा' के पूजा समारोह में हुई थी। फरमान ने बताया कि वह फिल्म में विलेन का किरदार निभा रहे थे, जबकि मोनालिसा हीरोइन थीं। इसी सेट पर उनकी नजदीकियां बढ़ीं।

11 मार्च 2026 को दोनों ने केरल के तिरुवनंतपुरम में एक मंदिर में शादी की। मोनालिसा ने पुलिस से सुरक्षा मांगी थी, क्योंकि उनका आरोप था कि परिवार उन्हें उनकी मर्जी के खिलाफ वापस ले जाना चाहता था। उन्होंने कहा कि वह अपनी पसंद से फरमान के साथ रहना चाहती हैं।

उनकी शादी के बाद सोशल मीडिया पर बवाल मच गया। दोनों अलग-अलग धर्मों से हैं, इसलिए कुछ लोगों ने इसे 'लव जिहाद' का नाम दिया। मोनालिसा के परिवार ने भी इस रिश्ते पर सवाल उठाए। उनके पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को लव जिहाद के जाल में फंसाया गया है।

हालांकि, मोनालिसा और फरमान ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। मोनालिसा ने कहा कि उनकी शादी हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई है और किसी ने भी अपना धर्म नहीं बदला है। फरमान ने भी कहा कि उनके लिए सभी धर्म समान हैं और उन्होंने मोनालिसा की इच्छा का सम्मान किया है।

विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। मोनालिसा की उम्र को लेकर भी सवाल उठे। शुरुआत में उन्हें 16 साल का बताया गया था, जबकि शादी के समय उन्होंने खुद को 18 साल का बताया। यह मामला अभी कोर्ट में है, लेकिन मोनालिसा सोशल मीडिया और यूट्यूब पर सक्रिय हैं। वह पति के साथ लगातार वीडियोज बना रही हैं, हालांकि ट्रोलिंग के कारण उन्होंने कमेंट सेक्शन बंद रखा है।

जिस 'द डायरी ऑफ मणिपुर' से मोनालिसा का बॉलीवुड डेब्यू होने वाला था, वह फिल्म फिलहाल अटक गई है। मोनालिसा ने फिल्म के डायरेक्टर पर गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया था। डायरेक्टर ने इन आरोपों को खारिज किया और कहा कि अब वह यह फिल्म रिलीज नहीं करेंगे।

फिर भी, मोनालिसा के लिए फिल्मी दुनिया के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं। मार्च 2026 में आई रिपोर्ट के अनुसार, मोनालिसा ने बताया कि उनकी साउथ की दो फिल्में बनकर तैयार हैं और जल्द रिलीज हो सकती हैं। वह तेलुगु एक्ट्रेस कल्पलता के साथ भी वीडियो में नजर आई थीं.