बॉक्स ऑफिस पर वरुण धवन की फिल्म ने मचाई धूम, बॉबी देओल की 'बंदर' रही पीछे
बॉक्स ऑफिस पर पहले वीकेंड का कलेक्शन
बॉबी देओल की फिल्म 'बंदर' और वरुण धवन की 'है जवानी तो इश्क होना है' ने बॉक्स ऑफिस पर तीन दिन पूरे कर लिए हैं। इन फिल्मों के पहले वीकेंड का कलेक्शन अब सामने आ चुका है। दर्शकों ने एक फिल्म को काफी सराहा, जबकि दूसरी को संघर्ष का सामना करना पड़ा। सैकनिल्क के अनुसार, 'बंदर' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 2.45 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि 'है जवानी तो इश्क होना है' ने 24 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
वरुण धवन की फिल्म का जलवा
डेविड धवन द्वारा निर्देशित 'है जवानी तो इश्क होना है' ने तीसरे दिन 8,616 शो में 9 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इस फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन भारत में 28.80 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 24 करोड़ रुपये हो गया है। विदेशों में भी इसने तीसरे दिन 3 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसकी कुल विदेशी कमाई 8.50 करोड़ रुपये हो गई है। इस प्रकार, पूरी दुनिया में इसकी कुल कमाई 37.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
बॉबी देओल की 'बंदर' का हाल
5 जून को रिलीज हुई 'बंदर', जिसमें बॉबी देओल, सपना पब्बी, सबा आजाद और सान्या मल्होत्रा हैं, को दर्शकों से वह प्यार नहीं मिला, जिसकी उम्मीद थी। सैकनिल्क के अनुसार, इस फिल्म ने तीसरे दिन 1,076 शो से 1 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। भारत में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 2.94 करोड़ रुपये और तीन दिनों में कुल नेट कलेक्शन 2.45 करोड़ रुपये रहा। वीकेंड पर इस फिल्म की यह स्थिति देखकर लगता है कि नॉन वीकेंड पर इसकी कमाई और भी कम हो सकती है।
