38वां दीक्षांत समारोह: रांची विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को मोरहाबादी स्थित दीक्षांत मंडप में अपना 38वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने गोल्ड मेडल प्रदान किए। इस समारोह में लगभग चार हजार विद्यार्थियों को उपाधियां दी गईं।
छात्राओं का प्रदर्शन
इस दीक्षांत समारोह में 1 फरवरी 2024 से 31 मार्च 2025 के बीच प्रकाशित परीक्षा परिणामों के आधार पर सफल विद्यार्थियों को डिग्री और विषय के टॉपरों को गोल्ड मेडल दिए गए। इस बार भी छात्राओं ने छात्रों को पीछे छोड़ते हुए टॉपरों की सूची में प्रमुखता हासिल की। कुल 63 गोल्ड मेडल वितरित किए गए, जिनमें 48 छात्राओं और 15 छात्रों ने जीते। इसके अलावा 14 प्रायोजित गोल्ड मेडल भी दिए गए। डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की कुल संख्या 4410 है, जिसमें 3291 छात्राएं और 1119 छात्र शामिल हैं।
प्रोफेसरों की कमी का समाधान
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस अवसर पर कहा कि महिला दिवस से पहले रांची विश्वविद्यालय द्वारा सबसे अधिक बेटियों को उपाधि वितरित करना गर्व की बात है। उन्होंने तकनीकी शिक्षा की दिशा में विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की। गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाली छात्राओं ने इसे गर्व का क्षण और महिला दिवस से पहले की एक बड़ी उपलब्धि बताया। राज्यपाल ने रांची विश्वविद्यालय के अंतर्गत कॉलेजों में प्रोफेसरों की कमी के मुद्दे पर कहा कि इसका समाधान जल्द ही निकाला जाएगा।
संतोष कुमार गंगवार, राज्यपाल
न्यूज़ डेस्क/ समाचार प्लस, झारखंड- बिहार
ये भी पढ़ें : स्पीकर रबिन्द्र नाथ महतो ने बाबूलाल को नेता प्रतिपक्ष के रूप में दी मान्यता