भारत और मलेशिया के बीच व्यापार समझौते की समीक्षा पर चर्चा

व्यापार समझौते की समीक्षा पर मंत्री गोयल की टिप्पणी
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को बताया कि आसियान के साथ मौजूदा व्यापार समझौते की समीक्षा के लिए बातचीत जारी है, और वह इस प्रक्रिया को तेज करने के लिए उत्सुक हैं।
यह विषय गोयल और मलेशिया के उद्योग मंत्री टी. जफरुल अजीज के बीच हुई बैठक में उठाया गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर गोयल ने लिखा, 'मलेशिया के निवेश, व्यापार एवं उद्योग मंत्री टी. जफरुल अजीज के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। मलेशिया, आसियान में भारत का स्थायी समन्वयक है।'
मंत्रियों ने आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौते (एआईटीआईजीए) की समीक्षा और उससे संबंधित चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा, 'निष्पक्ष व्यापार और संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए आसियान के सदस्य देशों के साथ त्वरित बातचीत की उम्मीद है। हमने दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (सीईसीए) पर चर्चा को आगे बढ़ाने पर भी विचार किया।'
यह टिप्पणी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि समीक्षा वार्ता की गति धीमी है। भारतीय उद्योग जगत ने इस समझौते की समीक्षा की मांग की है। भारत एक उन्नत समझौते की उम्मीद कर रहा है, जो द्विपक्षीय व्यापार में मौजूदा विषमताओं को दूर करेगा और व्यापार को अधिक संतुलित और टिकाऊ बनाएगा।
आसियान में ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमा, फिलीपीन, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं। भारत और आसियान के 10 देशों के समूह ने 2009 में वस्तुओं के क्षेत्र में मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। यह समझौता जनवरी 2010 में लागू हुआ। अगस्त 2023 में दोनों पक्षों ने 2025 तक वस्तुओं पर मौजूदा समझौते की पूर्ण समीक्षा की घोषणा की थी।